‘खलनायक रिटर्न्स’ का फर्स्ट लुक रिलीज: संजय दत्त के इंटेंस अवतार ने बढ़ाया क्रेज
संजय दत्त की ‘खलनायक रिटर्न्स’ का फर्स्ट लुक रिलीज होते ही फैंस में उत्साह बढ़ गया है। इंटेंस लुक और आइकॉनिक डायलॉग ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।
➤ संजय दत्त ने ‘खलनायक रिटर्न्स’ का फर्स्ट लुक किया जारी
➤ इंटेंस और रफ लुक देख फैंस में जबरदस्त उत्साह
➤ आइकॉनिक डायलॉग की वापसी से बढ़ी फिल्म की चर्चा
बॉलीवुड के दमदार अभिनेता संजय दत्त एक बार फिर अपनी आइकॉनिक फिल्म के सीक्वल को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी चर्चित फिल्म खलनायक के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ का फर्स्ट लुक रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है। लंबे समय बाद इस कहानी की वापसी ने फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट पैदा कर दी है।
संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए फिल्म का ऐलान किया। वीडियो में उनका मशहूर डायलॉग “नायक नहीं, खलनायक हूं मैं” सुनाई देता है, जिसने पुरानी यादों को ताजा कर दिया। इस डायलॉग के साथ ही फैंस में फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
इसके साथ ही जारी किए गए फर्स्ट लुक पोस्टर में संजय दत्त बेहद इंटेंस और रफ अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर वही पुराना एटीट्यूड दिखाई दे रहा है, जो 90 के दशक में दर्शकों को खूब पसंद आया था। पोस्टर सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।
फिल्म को लेकर संजय दत्त ने कहा कि ‘खलनायक’ की यात्रा बहुत लंबी रही है और यह सब सुभाष घई के बिना संभव नहीं था। उन्होंने सुभाष घई को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का लीजेंड बताते हुए उनका आभार जताया। साथ ही अपनी पत्नी मान्यता दत्त का भी धन्यवाद किया।
बता दें कि ‘खलनायक’ का पहला पार्ट 1993 में रिलीज हुआ था, जिसमें माधुरी दीक्षित, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर और राखी गुलजार जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी और इसके गाने आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं।
नई फिल्म ‘खलनायक रिटर्न्स’ को जियो स्टूडियोज प्रोड्यूस कर रहा है। फिल्म को लेकर अभी से फैंस में काफी उत्साह है और आने वाले समय में इसके और अपडेट्स का इंतजार किया जा रहा है।
Akhil Mahajan