भतीजा बनकर ₹2 लाख की ठगी, बुजुर्ग महिला बनी शिकार
कुरुक्षेत्र में भतीजा बनकर साइबर ठग ने बुजुर्ग महिला से ₹2 लाख ट्रांसफर करवा लिए। परिवार से बातचीत के बाद मामला सामने आया, पुलिस जांच में जुटी है।
■ भतीजा बनकर ठगी, बुजुर्ग महिला से ₹2 लाख ट्रांसफर करवाए
■ फर्जी कहानी से भरोसा जीता, 7.60 लाख डालने का झांसा दिया
■ परिवार से बात करते ही खुला राज, साइबर थाने में केस दर्ज
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक बुजुर्ग महिला के साथ साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है, जहां ठग ने खुद को रिश्तेदार बताकर ₹2 लाख की ठगी कर ली।
मामला सन्तोखपुरा गांव का है, जहां रहने वाली सुरिंदर कौर के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए कॉल और मैसेज आया। कॉल करने वाले ने खुद को उसका भतीजा रमन बताया और लगातार बातचीत कर भरोसा जीत लिया।
परिजनों के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला से उसका बैंक अकाउंट नंबर लिया और कहा कि वह उसके खाते में 7 से 8 लाख रुपए ट्रांसफर करेगा, जिसे बाद में इंडिया आकर वापस ले लेगा।
महिला ने विश्वास करते हुए अपना पंजाब नेशनल बैंक का खाता नंबर दे दिया। इसके बाद आरोपी ने शाम को फिर कॉल कर कहा कि उसने ₹7.60 लाख ट्रांसफर कर दिए हैं, जो जल्द खाते में आ जाएंगे।
कुछ देर बाद आरोपी ने फिर कॉल कर एक नई कहानी बनाई। उसने बताया कि उसे इंडिया में एक ट्रैवल एजेंट को पैसे देने हैं और वह उसका खाता नंबर भेज रहा है। उसने महिला से कहा कि वह ₹2 लाख उस अकाउंट में ट्रांसफर कर दे और बाकी पैसे अपने पास रख ले।
झांसे में आकर महिला ने उसी दिन अपने खाते से ₹2 लाख ठग के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
अगले दिन आरोपी ने फिर से पैसे की मांग की, जिससे महिला को शक हुआ। इसके बाद उसने परिवार के सदस्यों को पूरी बात बताई।
परिवार ने जब असली रमन से संपर्क किया तो पता चला कि उसने न तो कोई पैसे भेजे और न ही किसी एजेंट को भुगतान करने की बात कही थी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
घटना के बाद परिवार ने तुरंत NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने साइबर थाना कुरुक्षेत्र में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि अनजान कॉल और मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में बिना पुष्टि के पैसे ट्रांसफर न करें।
shubham