हरियाणा में मीरी-पीरी संस्थान विवाद, थप्पड़ कांड से बढ़ा तनाव DSP की चेतावनी- हाथ जोड़ रहा हूं
कुरुक्षेत्र के मीरी-पीरी संस्थान में सेवा संभाल को लेकर विवाद के बीच HSGMC मीत प्रधान को थप्पड़ मारे गए। DSP ने दादूवाल को सख्त चेतावनी दी, जबकि SGPC और HSGMC आमने-सामने हैं।
■ मीरी-पीरी संस्थान में सेवा संभाल को लेकर विवाद, थप्पड़बाजी से भड़का माहौल
■ DSP ने दादूवाल को चेताया- अभी हाथ जोड़ रहा हूं, नहीं तो खींचकर बाहर ले जाऊंगा
■ HSGMC मीत प्रधान को मारे थप्पड़, SGPC व HSGMC आमने-सामने
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद स्थित मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च में शुक्रवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब संस्थान की सेवा संभाल (कब्जा) को लेकर चल रहे विवाद के बीच हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीत प्रधान गुरबीर सिंह तलाकौर को एक व्यक्ति ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है।घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर मीत प्रधान को दो और थप्पड़ मार दिए। यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ, जब HSGMC के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल अपने समर्थकों के साथ संस्थान पहुंचे हुए थे।
घटना के दौरान शाहाबाद के DSP रामकुमार और बलजीत सिंह दादूवाल के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। बहस के दौरान दादूवाल ने कहा कि वे अपने संस्थान में आए हैं और किसी से लड़ने नहीं आए। इस पर DSP ने बीच में रोकते हुए कहा कि संस्था उनकी नहीं है और जब तक वे कानूनी तौर पर कब्जा नहीं लेते, तब तक ऐसा दावा नहीं कर सकते।इसी दौरान DSP रामकुमार ने सख्त लहजे में कहा कि “अभी मैं हाथ जोड़कर कह रहा हूं, नहीं तो आपको खींचकर बाहर ले जाऊंगा”। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके पास कोर्ट का ऑर्डर है, तो वे उसे ऑफिस में पेश करें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
दरअसल, यह पूरा विवाद संस्थान की सेवा संभाल को लेकर है। दादूवाल ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका का फैसला HSGMC के पक्ष में आया है, जबकि दूसरी ओर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और संस्थान प्रबंधन हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर का हवाला दे रहे हैं।तनाव बढ़ता देख संस्थान प्रबंधन ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर दादूवाल को बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान मीत प्रधान अंदर ही रह गए और उनके साथ मारपीट हो गई।
बताया जा रहा है कि संस्थान के कच्चे कर्मचारी अपनी नौकरी पक्की करने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे। इन्हीं कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए दादूवाल वहां पहुंचे थे, जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया।घटना के बाद SGPC के वरिष्ठ उपप्रधान रघुजीत सिंह विर्क और अन्य पदाधिकारियों ने थाना शाहाबाद में दादूवाल और उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दी। विर्क ने आरोप लगाया कि दादूवाल ने संस्थान में आकर माहौल खराब किया और गुंडागर्दी को बढ़ावा दिया।वहीं दूसरी ओर दादूवाल ने भी आरोप लगाया कि संस्थान प्रबंधन ने बाहरी लोगों को बुलाकर उनके मीत प्रधान के साथ मारपीट करवाई। उन्होंने कहा कि वे भी इस मामले में पुलिस को शिकायत देंगे।
shubham