विदेशी जमीन पर एक और भारतीय का कत्ल : हरियाणा के बेटे को फ्रांस में बेरहमी से उतारा मौत के घाट
फ्रांस में कुरुक्षेत्र जिले के हरपाल सिंह उर्फ हैरी की हत्या, 27 सेकेंड का वीडियो सामने आया। परिवार सदमे में, शव भारत आने में लगेगा एक महीना।
-
फ्रांस में कुरुक्षेत्र के युवक हरपाल सिंह उर्फ हैरी की धारदार हथियार से हत्या, 27 सेकेंड का वीडियो सामने आया
-
वीडियो में हरपाल खून से लथपथ फर्श पर पड़ा नजर आया, पास बैठे युवक और महिलाओं के रोने-चिल्लाने की आवाजें सुनी गईं
-
परिजन सदमे में, शव भारत आने में लगेगा करीब एक महीना, सरकार से मदद की गुहार
कुरुक्षेत्र जिले के गांव सतौड़ा (पिहोवा) का 35 वर्षीय हरपाल सिंह उर्फ हैरी की फ्रांस में हत्या कर दी गई। घटना का 27 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें हरपाल खून से लथपथ फर्श पर पड़ा है और उसके शरीर पर गहरे घाव दिख रहे हैं।
वीडियो में कोई शख्स उसके घाव दिखाता है तो पीछे से आवाज आती है, "पानी मत पिलाओ"। महिलाओं के रोने-चिल्लाने और पंजाबी में बातचीत की आवाजें भी सुनाई देती हैं। पास ही एक युवक पैरों की ओर बैठा सुबकता नजर आ रहा है।
हरपाल के पिता बलबीर सिंह, जो गांव में खेती-बाड़ी करते हैं, सदमे में हैं। घर पर पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बताया कि शव भारत आने में करीब एक महीना लग सकता है, क्योंकि पहले फ्रांस पुलिस मामले की जांच पूरी करेगी।
हरपाल 15 साल पहले काम की तलाश में फ्रांस गया था। उसके पास पुर्तगाल की नागरिकता भी थी और वह वहां होटल में काम करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और परिवार की जिम्मेदारी उठाता था।
गांव में हर कोई हरपाल की मेहनत और सादगी की चर्चा कर रहा है। लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
पिहोवा इलाके खासकर लबाणा बिरादरी के युवाओं में यूरोप और कनाडा जाने का क्रेज काफी ज्यादा है। इसी वजह से फ्रांस, इटली और ब्रिटेन में यहां के बड़ी संख्या में युवक रहते हैं।
Akhil Mahajan