मां की हत्या कर बेटा कुएं में कूदा:पीजीआई में तोड़ा दम, घर में मिला 70 वर्षीय महिला का शव
महेंद्रगढ़ में एक बेटे ने अपनी 70 वर्षीय मां की हत्या कर खुद कुएं में छलांग लगा दी। रोहतक PGI में उपचार के दौरान आरोपी बेटे की भी मौत हो गई।
- महेंद्रगढ़ में बेटे ने मां की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की
- हत्या के बाद आरोपी ने 50 फुट गहरे कुएं में लगाई छलांग
- रोहतक PGI में उपचार के दौरान आरोपी बेटे की भी मौत
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में गुरुवार अल सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शहर के कायमपुरा मोहल्ला में एक बेटे ने अपनी ही मां की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटे ने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी। बाद में उसे गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, लेकिन रोहतक PGI में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय सुनील कुमार बुधवार-गुरुवार रात करीब दो बजे के बाद अपनी 70 वर्षीय मां ब्रह्मादेवी के साथ घर में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने लाठी-डंडों से हमला कर मां की हत्या कर दी। महिला के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं।
मां की हत्या करने के बाद सुनील कुमार शहर की सब्जी मंडी के पास स्थित शंकर भगवान मंदिर के नजदीक बने कुएं तक पहुंचा और उसमें छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि कुआं करीब 50 फुट गहरा है और उसमें कूड़ा भी पड़ा हुआ था।
सुबह करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच सब्जी मंडी पहुंचे लोगों ने एक व्यक्ति को कुएं में देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब सात बजे सुनील कुमार को कुएं से बाहर निकाला गया।
कुएं में गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर PGIMS रोहतक रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर, सुबह जब महिला ब्रह्मादेवी घर से बाहर नहीं निकली तो उसकी जेठानी घर के अंदर गई। वहां महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि बेटे ने पहले मां की हत्या की और फिर आत्महत्या का प्रयास किया।
आसपास के लोगों और परिजनों के मुताबिक सुनील कुमार शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी मां के साथ झगड़ा करता रहता था। वह कभी-कभार हलवाइयों के साथ हेल्पर या वेटर का काम करता था और देर शाम शराब पीकर घर लौटता था।
परिवार के लोगों ने बताया कि ब्रह्मादेवी अपने इकलौते बेटे के साथ ही रहती थी। पति की मौत के बाद दोनों उसी मकान में रह रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
Akhil Mahajan