भाजपा के कार्यक्रम में ही मासूम शर्मा ने गा ड़ाला बैन गाना 'खटोला-2', सैनी सरकार ने लगाया है बैन, अब भड़का विवाद

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने पंचकूला में भाजपा के कार्यक्रम में बैन गाना ‘खटोला-2’ गाया। सांसद रेखा शर्मा वीडियो बनाती दिखीं। पहले भी इस गाने पर विवाद हो चुका है।

भाजपा के कार्यक्रम में ही मासूम शर्मा ने गा ड़ाला बैन गाना 'खटोला-2',  सैनी सरकार ने लगाया है बैन, अब भड़का विवाद

  • हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने फिर गाया बैन गाना 'खटोला-2', भाजपा के कार्यक्रम में हुआ प्रदर्शन

  • कार्यक्रम में मौजूद थीं भाजपा सांसद रेखा शर्मा, वीडियो बनाते दिखीं

  • गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप, पहले भी बैन गाने पर हो चुकी FIR


हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन्होंने बैन गाना ‘खटोला-2’ पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में गाया। हैरानी की बात यह रही कि यह कार्यक्रम भाजपा के नेताओं द्वारा आयोजित था और मंच पर भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा भी मौजूद थीं।

मासूम शर्मा 8 नवंबर को पंचकूला में खेल महोत्सव के कार्यक्रम में पहुंचे थे।

वीडियो में देखा जा सकता है कि जब मासूम शर्मा ‘खटोला जेल के भीतर’ गाना गा रहे थे, तब भाजपा कार्यकर्ता झूमते हुए नजर आए और रेखा शर्मा खुद मोबाइल से वीडियो बनाती दिखीं। कार्यक्रम में खेल विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, डीसी सतपाल शर्मा, पुलिस कमिश्नर सिवाश कविराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया और मीडिया सह प्रमुख संजय आहूजा भी मौजूद थे।

रेखा शर्मा ने बाद में सफाई दी कि बच्चों की डिमांड पर मासूम शर्मा ने यह गाना गाया। उन्होंने कहा कि शुरू में उन्हें हरियाणवी भाषा समझ नहीं आई, लेकिन जब पता चला कि यह बैन गाना है, तो उन्होंने मासूम शर्मा को तुरंत टोक दिया और स्टेज से नीचे उतर आईं। उन्होंने कहा कि वे किसी भी ऐसी चीज़ को प्रमोट नहीं करतीं जो नियमों के खिलाफ हो।

वीडियो में यह भी दिखा कि जब दर्शकों ने ‘खटोला जेल के भीतर’ गाने की डिमांड की तो मासूम शर्मा ने कहा—“यह गाना बैन हो चुका है”, लेकिन दर्शकों के बार-बार कहने पर उन्होंने पूरा गाना गा दिया।

इससे पहले भी गुरुग्राम में 21 मार्च 2025 को आयोजित लाइव शो में मासूम शर्मा ने यही गाना गाया था, जिस पर ACP ने मंच पर चढ़कर उनका माइक छीन लिया और शो बीच में ही रद्द करवा दिया। उस समय भीड़ ने शोर मचाया था और कुछ युवक स्टेज पर चढ़ने की कोशिश में थे।

चंडीगढ़ में 28 मार्च 2025 को हुए शो में भी उन्होंने ‘चंबल का डाकू’ गाना गाया था, जो बैन है। उस पर FIR दर्ज की गई थी। उसी शो में पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र आदित्य ठाकुर की पिटाई से मौत हो गई थी।

दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मासूम शर्मा ने खुलेआम कहा था कि वह पब्लिक की डिमांड पर बैन गाने गाते रहेंगे। उन्होंने कहा था कि “अगर लोगों को ऐसे गाने पसंद हैं, तो मैं वही गाऊंगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि “शिव तांडव को दो साल में 5 लाख व्यूज मिले, लेकिन ‘जेल में खटोला’ और ‘चंबल के डाकू’ जैसे गाने एक दिन में ही 10 लाख पार कर जाते हैं।”