हरियाणा महिला आयोग का ऑफिस छुट्टी के दिन खुला : मासूम शर्मा नहीं पहुंचे, मैसेज दिया -अभी बिजी हूं
हरियाणा महिला आयोग ने छुट्टी के दिन सिंगर मासूम शर्मा की पेशी के लिए ऑफिस खोला, लेकिन सिंगर ने व्यस्तता का हवाला देकर आने से इनकार किया। देहरादून विवाद में FIR दर्ज है।
➤ छुट्टी के दिन खुला महिला आयोग, सिंगर मासूम शर्मा का इंतजार
➤ देहरादून शो में गाली देने पर FIR, पेशी से पहले ‘बिजी’ होने का हवाला
➤ धमकी और तनाव का दावा, पहले ही माफी मांग चुके सिंगर
चंडीगढ़। हरियाणा के चर्चित सिंगर मासूम शर्मा से जुड़े विवाद में शनिवार को नया मोड़ देखने को मिला। हरियाणा महिला आयोग ने उनकी पेशी को लेकर छुट्टी के दिन भी अपना कार्यालय खुला रखा और दोपहर ढाई बजे तक उनके आने का इंतजार किया। हालांकि सिंगर ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे फिलहाल पेश नहीं हो पाएंगे।
सिंगर ने एक दिन पहले चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वे इस समय काफी व्यस्त हैं और आयोग के सामने पेश नहीं होंगे। उन्होंने ईमेल के जरिए आयोग को इसकी सूचना भी दे दी है। साथ ही यह भी कहा कि देहरादून में हुए स्टेज विवाद को लेकर वे पहले ही माफी मांग चुके हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान स्टेज से गाली-गलौज करने से जुड़ा है। सिंगर ने DAV कॉलेज में लाइव शो के दौरान कथित तौर पर एक व्यक्ति को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
इस घटना के बाद सिंगर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। शिकायत छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की ओर से दी गई थी। पुलिस ने BNS की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है।
बताया गया कि इस लाइव कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। उनके जाने के बाद मंच पर सिंगर का व्यवहार बदल गया और उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।
विवाद के बाद सिंगर ने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें एक अज्ञात बदमाश की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने दावा किया कि वह व्यक्ति उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था और उनके परिवार को भी डराने की कोशिश कर रहा था। यहां तक कि अमेरिका में रह रहे उनके रिश्तेदार को भी धमकी दी गई।
सिंगर के अनुसार, इस तनाव के कारण वे मानसिक रूप से परेशान थे और उसी दबाव में स्टेज पर उनका व्यवहार बिगड़ गया। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने ऑडियंस से माफी मांग ली थी और सोशल मीडिया पर भी वीडियो जारी कर खेद जताया।
इधर, हरियाणा महिला आयोग ने 12 अप्रैल को ही सिंगर को नोटिस जारी कर पेश होने के निर्देश दिए थे। अब देखना होगा कि आयोग इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और सिंगर कब पेश होते हैं।
Akhil Mahajan