आखिर आ गया मानसून! 24 राज्यों के लिए बड़ा अलर्ट
मानसून 3 दिन देरी से केरल पहुंच गया है। हरियाणा समेत 24 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना है।
- मानसून ने केरल में दी दस्तक, सामान्य तिथि से 3 दिन देर से पहुंचा
- अगले 7 दिनों तक केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान
- हरियाणा समेत 24 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी
देशभर को गर्मी से राहत देने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून आखिरकार केरल पहुंच गया है। इस बार मानसून सामान्य तिथि 1 जून के बजाय 4 जून को केरल पहुंचा है, यानी यह करीब 3 दिन देरी से आया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून के सक्रिय होने के साथ ही दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग ने बताया है कि केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले दो से तीन दिनों में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों के अन्य हिस्सों तक भी पहुंच सकता है।
आंकड़ों के अनुसार पिछले 10 वर्षों में यह सातवीं बार है जब मानसून तय समय से देरी से केरल पहुंचा है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि शुरुआती देरी का मानसून सीजन पर बड़ा असर जरूरी नहीं पड़ता और आगे की प्रगति मौसम प्रणालियों पर निर्भर करेगी।
इस बीच मौसम विभाग ने हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना समेत 24 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
हरियाणा की बात करें तो प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। हालांकि गर्मी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बीते 24 घंटों में रोहतक सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
केरल में लगातार हो रही बारिश के कारण अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 11 से 20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
देश के कई हिस्सों में जहां बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 जून को उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
Akhil Mahajan