पेट्रोल पंप पर देर रात सरेआम लूट, मास्क लगाकर आए बदमाश ने सेल्समैन को बंधक बनाकर उड़ाए 50 हजार
महेंद्रगढ़ के नारनौल में देर रात पेट्रोल पंप पर पिस्टल के दम पर 50 हजार रुपए की लूट हुई। बदमाश ने सेल्समैन की कनपटी पर हथियार तानकर लॉकर खुलवाया और मोबाइल छीनकर फरार हो गया। घटना CCTV में कैद है और पुलिस जांच में जुटी है।
■ नारनौल में पिस्टल तानकर पेट्रोल पंप से 50 हजार की लूट
■ सेल्समैन की कनपटी पर हथियार रख ऑफिस में ले जाकर खुलवाया लॉकर
■ CCTV में कैद वारदात, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में शनिवार-रविवार की रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। निजामपुर थाना क्षेत्र के दनचोली गांव स्थित पेट्रोल पंप पर एक बदमाश ने सेल्समैन की कनपटी पर पिस्टल तानकर 50 हजार रुपए लूट लिए और मोबाइल छीनकर पास की पहाड़ियों में फेंक दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पेट्रोल पंप संचालक रतनलाल ने बताया कि उनका पंप छिल्लर किसान सेवा केंद्र के नाम से संचालित है। रात करीब साढ़े आठ बजे एक युवक पैदल पंप परिसर में दाखिल हुआ। उस समय सेल्समैन लालचंद बाहर खड़ा था। आरोपी पहले सीधे ऑफिस के अंदर घुसा और कुछ देर बाद बाहर आ गया। इसके बाद उसने लालचंद की कनपटी पर पिस्टल तान दी और उसे ऑफिस के अंदर चलने के लिए कहा।
बताया गया है कि जब सेल्समैन ने अंदर जाने से हिचकिचाहट दिखाई तो बदमाश ने उसका मोबाइल छीन लिया और जबरन ऑफिस में ले गया। अंदर पहुंचकर उसने लॉकर की चाबी मांगी और ताला खुलवाया। लॉकर में रखे करीब 50 हजार रुपए निकालकर जेब में डाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद सेल्समैन ने पंप मालिक के बेटे राहुल को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया। लालचंद के मोबाइल पर कॉल की गई तो वह ऑन मिला। तलाश करने पर पेट्रोल पंप के पीछे की पहाड़ियों में मोबाइल बरामद कर लिया गया।
वीडियो फुटेज में आरोपी मास्क लगाए हुए दिखाई दे रहा है। वह हाथ में पिस्टल लेकर ऑफिस में जाता है, फिर बाहर आकर सेल्समैन को धमकाता है। अंदर जाकर खुद लॉकर खोलकर पैसे चेक करता है और रकम लेकर फरार हो जाता है।
थाना निजामपुर के SHO ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है। सेल्समैन से पूछताछ की जा रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Akhil Mahajan