नूंह में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रही ब्रजमंडल यात्रा: 80 KM का सफर 6.5 घंटे में पूरा, मामन खान के गांव में फूल बरसे
Nuh, Brijmandal Yatra, Jalabhishek Yatra, Haryana News, Nuh Security, Maman Khan, Yogi Lookalike, Bittu Bajrangi, Haryana Police, CityTehlka
➤ नल्हड़ेश्वर से श्रृंगेश्वर महादेव तक ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
➤ 80 किलोमीटर के पूरे रूट पर 12 DSP समेत 2200 पुलिसकर्मी रहे तैनात
➤ मामन खान के गांव भादस में श्रद्धालुओं का फूलों से स्वागत, योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल भी पहुंचे
हरियाणा के नूंह में सावन के पहले सोमवार को निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। दोपहर करीब 12:30 बजे नल्हड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू हुई यात्रा शाम करीब 7 बजे सिंगार गांव स्थित श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इससे पहले श्रद्धालु फिरोजपुर झिरका स्थित झिरकेश्वर महादेव मंदिर में भी जलाभिषेक करने पहुंचे। करीब 80 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग को तय करने में लगभग साढ़े छह घंटे का समय लगा।
80 किलोमीटर के रूट पर सुरक्षा का कड़ा घेरा
वर्ष 2023 की हिंसा को देखते हुए इस बार प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। पूरे यात्रा मार्ग पर 12 डीएसपी समेत करीब 2200 पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस कमांडो पूरे काफिले के साथ चलते रहे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था भी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी स्कूल बंद रखे गए और यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मीट की दुकानें भी बंद रहीं।
मामन खान के गांव में श्रद्धालुओं पर बरसाए गए फूल
यात्रा के दौरान कांग्रेस विधायक मामन खान के गांव भादस स्थित गुरुकुल में श्रद्धालुओं का विशेष स्वागत किया गया। यहां लोगों ने JCB पर चढ़कर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए और यात्रा का स्वागत किया। यह दृश्य पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल भी बने आकर्षण
यात्रा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमशक्ल बिल्लू गुर्जर भी शामिल हुए। राजस्थान के भिवाड़ी निवासी बिल्लू गुर्जर को देखने के लिए लोगों में उत्सुकता देखने को मिली और उन्होंने श्रद्धालुओं का भी अभिवादन किया।
मुस्लिम समुदाय ने साधु-संतों का किया स्वागत
ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हरिद्वार से पहुंचे साधु-संतों का नूंह में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने स्वागत किया। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की तस्वीरें भी देखने को मिलीं।
बिट्टू बजरंगी को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
2023 नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को यात्रा से पहले ही फरीदाबाद स्थित उनके घर पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। वह ब्रजमंडल यात्रा में शामिल होकर शिव मंदिर में जल चढ़ाने जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें अनुमति नहीं दी। इसके चलते रविवार देर रात से ही उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
2023 की हिंसा के बाद प्रशासन की बड़ी परीक्षा
गौरतलब है कि 31 जुलाई 2023 को इसी ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के दौरान नूंह में हिंसा भड़क गई थी। पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाओं में 7 लोगों की मौत हुई थी। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की, जिसके चलते पूरी यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
Akhil Mahajan