₹12 हजार रिश्वत लेते HKRN कर्मचारी गिरफ्तार, ड्रग लाइसेंस की फाइल अटकाकर मांगे थे ₹15 हजार
रोहतक में एसीबी ने ड्रग लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले HKRN कर्मचारी को 12 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
➤ ड्रग लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर HKRN कर्मचारी को ACB ने रंगे हाथ दबोचा
➤ 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग, 12 हजार लेते समय एंटी करप्शन ब्यूरो ने किया गिरफ्तार
➤ फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात है आरोपी
रोहतक में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए HKRN के तहत कार्यरत एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ड्रग लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
फूड एंड ड्रग्स विभाग में तैनात है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय विनय, पुत्र राजबीर सिंह, निवासी गांव बलियाना, हाल सेक्टर-3, रोहतक के रूप में हुई है। वह HKRN के तहत सेक्टर-3 स्थित पॉलीक्लिनिक में फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन के जोनल कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।
ड्रग लाइसेंस की फाइल आगे बढ़ाने के लिए मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने डी-फार्मा का कोर्स किया है और अपने गांव में मेडिकल स्टोर खोलने के लिए 1 जुलाई 2026 को आवश्यक दस्तावेजों के साथ ड्रग लाइसेंस की फाइल फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन के जोनल कार्यालय में जमा करवाई थी। जब वह अपनी फाइल की स्थिति जानने कार्यालय पहुंचा तो वहां तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर विनय ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की।
15 हजार में तय हुई रकम, 12 हजार लेते ही दबोचा गया
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने जाल बिछाया। योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत आरोपी को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई।
पूछताछ जारी, कोर्ट में होगा पेश
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
Akhil Mahajan