हरियाणा में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी घायल

नूंह में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ। पुलिस ने सात गोवंश, पिकअप और देसी कट्टा बरामद किया है।

हरियाणा में गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी घायल

नूंह में गो-तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली

7 गोवंश, पिकअप और देसी कट्टा बरामद, साथी फरार

हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गो-तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक कथित गो-तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार के अनुसार नूंह-तावडू सीआईए और फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस को गो-तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने गोवंश से भरी एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। हालांकि चालक नाकाबंदी तोड़कर वाहन को तेज गति से लेकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

पुलिस के पीछा करने पर पिकअप में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान जमशेद पुत्र दीनू, निवासी भूतकावास धोलागढ़, राजस्थान के रूप में हुई है।

मुठभेड़ के दौरान अन्य आरोपी अंधेरे और आसपास के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गोवंश से भरी पिकअप, एक देसी कट्टा और सात गोवंश बरामद किए हैं। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

पुलिस अब घायल आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।