पिस्तौल लेकर आए लुटेरे, लेकिन दुकानदार निकला बहादुर – एक को दबोचा, दूसरा फरार

हरियाणा के नूंह में ज्वेलरी शॉप पर पिस्तौल की नोक पर लूट की कोशिश नाकाम रही। दुकानदार ने बदमाश को दबोचा, भीड़ ने पिटाई की। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया, दूसरा फरार है।

पिस्तौल लेकर आए लुटेरे, लेकिन दुकानदार निकला बहादुर – एक को दबोचा, दूसरा फरार

➤ नूंह में ज्वेलरी शॉप पर पिस्तौल की नोंक पर लूट की कोशिश
➤ दुकानदार ने साहस दिखाकर एक बदमाश को दबोचा, भीड़ ने की पिटाई
➤ पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया, दूसरा फरार

हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना कस्बे में शुक्रवार सुबह एक ज्वेलरी शॉप पर फिल्मी अंदाज में लूट की कोशिश हुई। दो बदमाश मुंह ढककर दुकान में घुसे और पिस्तौल निकालकर ज्वेलर नवीन सोनी को डराने का प्रयास किया। लेकिन दुकानदार ने हिम्मत दिखाई और तुरंत खड़ा होकर मुकाबला शुरू कर दिया।

बदमाशों से भिड़ा दुकानदार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना। - Dainik Bhaskar

बदमाशों ने नवीन पर पिस्तौल तानकर हमला किया और कई बार पिस्तौल की बट से उसके सिर पर वार किया। संघर्ष के दौरान एक बदमाश मौके से भाग निकला, जबकि दूसरे को दुकानदार ने दबोच लिया। इसी बीच शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई कर दी। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी बताया और खुलासा किया कि उसके फरार साथी से मुलाकात 8 माह पहले जेल में हुई थी। दोनों अब तक फरीदाबाद, पलवल और हथीन में वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

एक बदमाश को लोगों ने पकड़कर जमकर पीटा। जिससे वह भी गंभीर रुप से घायल हो गया।

पुलिस ने घायल दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।