हरियाणा पुलिस पर पथराव, चार पुलिसकर्मी घायल, डंडों-पत्थरों से बोला हमला, साइबर ठग को झुड़वाया
नूंह के अमीनाबाद गांव में पुलिस पर पथराव, आरोपी ग्रामीण छुड़ा ले गए। चार पुलिसकर्मी घायल, वीडियो वायरल। एक माह में दूसरी घटना, जांच बिछोर थाना पुलिस कर रही है।
-
नूंह अमीनाबाद में हरियाणा पुलिस पर पथराव
-
आरोपी छुड़ाया, चार पुलिसकर्मी घायल
-
एक माह में दूसरी बार हमला, वीडियो वायरल
हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना खंड के गांव अमीनाबाद में साइबर ठगी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। सोमवार देर शाम लोकेशन के आधार पर आरोपी रियाज पुत्र रफीक को गिरफ्तार किया गया था। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ा, ग्रामीण भड़क गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। लगातार पथराव और बेकाबू हालात देखते हुए पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
पथराव के दौरान चार पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार जारी है। इस हमले में गांव के एक व्यक्ति को भी चोट आई है। ग्रामीणों ने पीछा करते हुए पथराव जारी रखा और आरोपी रियाज को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया।
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों को लाठी-डंडों के साथ पुलिस टीम पर हमला करते देखा जा सकता है। यह अमीनाबाद में एक माह के भीतर पुलिस पर हमला होने की दूसरी घटना है। इससे पहले भी पुलिस दल पर हमला किया गया था, जिसे बाद में स्थानीय नेता के दखल पर समझौते से निपटा दिया गया था।
निरंतर हो रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच बिछोर थाना पुलिस कर रही है और आरोपी तथा हमलावरों की पहचान की जा रही है।
Author1