भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीन मौसेरे भाइयों की मौत, एक युवक गंभीर
पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से तीन मौसेरे भाइयों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
➤ सड़क किनारे खड़े चार युवकों को ट्रक ने मारी टक्कर
➤ हिमांशु, प्रवीण और ऋषभ की मौके पर मौत
➤ ड्राइवर फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस
हरियाणा के पलवल जिले में नेशनल हाईवे-19 पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े चार युवकों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को कुछ दूर ले जाकर मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान हिमांशु, प्रवीण और ऋषभ के रूप में हुई है। तीनों आपस में मौसेरे भाई बताए जा रहे हैं। वहीं अंकुश नामक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे तुरंत एम्बुलेंस के जरिए पलवल जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार बामनीखेड़ा गांव निवासी रंजीत सिंह ने शिकायत में बताया कि 10 फरवरी को उनका बेटा हिमांशु और पड़ोसी प्रवीण फरीदाबाद में एक शादी समारोह में गए थे। देर रात होने के कारण रंजीत सिंह, उनके साढू का बेटा ऋषभ और अंकुश, बामनीखेड़ा गांव के पास स्थित खाटू श्याम पेट्रोल पंप पर हिमांशु और प्रवीण का इंतजार कर रहे थे।
11 फरवरी की रात करीब 1 बजे जब हिमांशु और प्रवीण बाइक पर वहां पहुंचे और सड़क किनारे रुके, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए चारों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रंजीत सिंह बाल-बाल बच गए, लेकिन चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद ट्रक चालक ने वाहन कुछ दूरी पर रोका और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि रंजीत सिंह ने ट्रक का नंबर नोट कर लिया। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमांशु, प्रवीण और ऋषभ को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रंजीत सिंह की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Akhil Mahajan