नगर निगम मीटिंग में कांग्रेस MLA और भाजपा पार्षद के बीच बहस बाजी
पंचकूला नगर निगम की हाउस मीटिंग में कांग्रेस MLA चंद्रमोहन बिश्नोई और भाजपा की महिला पार्षद सोनिया सूद के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बैठक में पार्किंग टेंडर, शराब ठेका और सफाई व्यवस्था को लेकर भी कई पार्षदों ने सवाल उठाए।
➤ कांग्रेस MLA चंद्रमोहन बिश्नोई और भाजपा की महिला पार्षद सोनिया सूद के बीच तीखी नोकझोंक
➤ कांग्रेसी पार्षदों ने पार्किंग टेंडर में गड़बड़ी और अफसरों की लापरवाही पर सवाल उठाए
हरियाणा के पंचकूला नगर निगम हाउस मीटिंग में सोमवार को कांग्रेस MLA चंद्रमोहन बिश्नोई और भाजपा की महिला पार्षद सोनिया सूद के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। बैठक के दौरान माहौल इतना गरम हो गया कि दोनों के बीच कुछ देर के लिए हॉट-टॉक की स्थिति बन गई।
दरअसल, कांग्रेस विधायक ने सवाल उठाया कि “जिस बूथ पर कांग्रेस जीती, वहां के पार्क में एक बेंच तक नहीं लगाई गई।” इस पर महिला पार्षद सोनिया सूद ने तकनीकी कारणों का हवाला दिया। हालांकि बाद में स्थिति शांत हो गई, लेकिन उस पल ने पूरे हॉल का माहौल तपा दिया।
बैठक में कांग्रेसी पार्षदों ने सेक्टर-8 और सेक्टर-9 की पार्किंग टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जानबूझकर ठेकेदारों से रिकवरी नहीं कर रहे। इस पर नगर निगम कमिश्नर ने जवाब दिया कि नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी और अगर जरूरत पड़ी तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
बैठक के दौरान कांग्रेस की पार्षद परमजीत कौर ने एक गंभीर मामला उठाते हुए कहा कि जेई प्रदीप ने उनसे फोन पर अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने वार्ड की लाइट रिपेयर करवाने की बात कही तो जेई ने जवाब दिया— “सामान मेरी जेब में नहीं है।” यह सुनते ही सभी पार्षदों और मेयर कुलभूषण गोयल ने कड़ी आपत्ति जताई। बाद में जेई ने खेद प्रकट किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
वहीं, कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई ने नगर निगम कमिश्नर से पूछा कि सत्ताधारी पार्टी नेताओं के होर्डिंग्स से कितना शुल्क लिया जाता है। कमिश्नर ने बताया कि “सभी का ऑक्शन होता है, जिनका नहीं होता, उनसे भी चार्ज लिया जाता है।” इस पर बिश्नोई ने तंज कसते हुए कहा, “हमारे पोस्टर तो तुरंत उतरवा दिए जाते हैं, लेकिन भाजपा नेताओं की बधाई वाले होर्डिंग कई दिन तक लगे रहते हैं।”
बैठक में भाजपा पार्षद ओमवती पूनिया ने सेक्टर-4 की मार्केट में शराब ठेके की नजदीकी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह रिहायशी क्षेत्र के बहुत करीब है और इससे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि इसे 100 मीटर की कानूनी दूरी पर हटवाया जाए।
इसके अलावा, पार्षद अक्षय चौधरी ने वार्ड 17 की सफाई व्यवस्था, सीवरेज लाइन और झूरीवाला डंपिंग ग्राउंड की समस्याओं पर सवाल उठाए। उन्होंने सेक्टर 3, 23 और 24 की सड़कों के दोबारा निर्माण और HSVP द्वारा खाली प्लॉटों की सफाई करवाने की भी मांग की।
पंचकूला की यह मीटिंग एक बार फिर साबित करती है कि नगर निगम की बैठकों में सिर्फ नीतियों पर नहीं, बल्कि राजनीतिक टकराव भी खूब देखने को मिलता है।
Akhil Mahajan