हरियाणा का कारोबारी पत्नी का हाथ पकड़ नहर में कूदा, दंपत्ति असंध से स्कूटी पर सवार होकर पहुंची थी पानीपत, चप्पलें उतारी और लगा दी छलांग

पानीपत की सिवाह नहर में असंध के कारोबारी मुरारी लाल गोयल और उनकी पत्नी ने छलांग लगा दी। पुलिस और गोताखोर दोनों की तलाश में जुटे हैं।

हरियाणा का कारोबारी पत्नी का हाथ पकड़ नहर में कूदा, दंपत्ति असंध से स्कूटी पर सवार होकर पहुंची थी पानीपत, चप्पलें उतारी और लगा दी छलांग

➤ असंध के कारोबारी ने पत्नी संग नहर में लगाई छलांग

➤ स्कूटी पर पहुंचे दंपती ने चप्पलें उतारीं और हाथ पकड़कर कूद गए

➤ पानीपत की सिवाह नहर में गोताखोरों की मदद से तलाश जारी


हरियाणा के पानीपत जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। असंध के रहने वाले एक बड़े कारोबारी ने अपनी पत्नी के साथ सिवाह नहर पुल के पास नहर में छलांग लगा दी। दोनों स्कूटी पर सवार होकर असंध से पानीपत पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपती ने पहले स्कूटी किनारे खड़ी की, फिर चप्पलें उतारीं और हाथ पकड़कर नहर में कूद गए।

इसी नहर में दोनों ने हाथ पकड़ कर छलांग लगाई।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इसराना थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की टीम को बुलाकर नहर में तलाश अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

जानकारी के अनुसार, असंध निवासी मुरारी लाल गोयल (60) अपनी 56 वर्षीय पत्नी के साथ सोमवार सुबह घर से निकले थे। परिवार को शुरुआत में इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जब सुबह बच्चे मॉर्निंग वॉक के लिए उठे तो घर के बाहर स्कूटी नहीं मिली। घर के अंदर माता-पिता भी मौजूद नहीं थे। इसके बाद परिवार ने दोनों की तलाश शुरू की।

कुछ देर बाद सूचना मिली कि उनकी स्कूटी पानीपत की सिवाह नहर के पास खड़ी है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो वहां स्कूटी पर चप्पलें और पर्स रखा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ने बिना किसी हड़बड़ी के पहले अपनी चप्पलें उतारीं और फिर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नहर में छलांग लगा दी।

परिजनों के अनुसार मुरारी लाल गोयल इलाके के बड़े कारोबारी हैं। उनका राइस मिल, आढ़त का कारोबार और फैक्ट्री भी है। परिवार का कहना है कि कारोबार पूरी तरह ठीक चल रहा था और दोनों किसी तनाव में भी नजर नहीं आते थे। बच्चों ने पुलिस को बताया कि परिवार में किसी प्रकार का विवाद या आर्थिक परेशानी नहीं थी।

मामले में इसराना थाना SHO हरिराम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि दंपती असंध से स्कूटी पर आए थे। आसपास मौजूद लोगों को पहले लगा कि दोनों नहर में नहाने के लिए उतरे हैं, लेकिन कुछ ही देर में वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश की जा रही है। परिवार और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।