कोर्ट से अस्पताल तक ससुरालियों ने जमकर की जमाई की धुनाई, किया लहूलूहान

पानीपत में तलाक विवाद के चलते ससुराल पक्ष ने जमाई और उसके भाई पर कोर्ट और अस्पताल में हमला कर दिया, दोनों गंभीर रूप से घायल हैं।

कोर्ट से अस्पताल तक ससुरालियों ने जमकर की जमाई की धुनाई, किया लहूलूहान

पानीपत में कोर्ट और अस्पताल में जमाई व उसके भाई पर हमला
तलाक विवाद में ससुराल पक्ष के दर्जनों लोगों की गुंडागर्दी
दोनों भाइयों को बुरी तरह पीटा, अस्पताल में मची अफरातफरी


हरियाणा के पानीपत में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ससुराल पक्ष के दर्जनों लोगों ने अपने ही जमाई और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि कोर्ट में मारपीट के बाद हमलावरों ने सरकारी अस्पताल तक पीछा कर दोनों भाइयों को दोबारा पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया।

जानकारी के अनुसार, विवाद तलाक को लेकर चल रहा था। पीड़ित जमाई अपनी पत्नी को तलाक देने के लिए कोर्ट पहुंचा था। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और कोर्ट परिसर में ही दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।

घायल होने के बाद जब दोनों भाई मेडिकल करवाने के लिए पानीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचे, तो हमलावर उनका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। अस्पताल के अंदर घुसकर हमलावरों ने दोनों को घेर लिया और जमकर मारपीट की। इस दौरान मरीजों और स्टाफ में भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या दर्जनों में थी और वे पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घायल जमाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी शादी धोखे से कराई गई थी। उसके अनुसार, जिस लड़की से उसकी शादी हुई, वह मानसिक रूप से कमजोर है, लेकिन ससुराल पक्ष ने यह बात छिपाई। जब उसे सच्चाई का पता चला और उसने तलाक की प्रक्रिया शुरू की, तो ससुराल पक्ष ने रंजिश रखते हुए उस पर हमला कर दिया।

फिलहाल दोनों घायल भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर कोर्ट और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर।