पानीपत में लॉरेंस गैंग के नाम पर 12 करोड़ की फिरौती से हड़कंप विदेश से व्हाट्सएप कॉल
पानीपत के इसराना क्षेत्र में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दो कारोबारियों से ₹12 करोड़ की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है, पुलिस जांच में जुटी है।
■ ₹12 करोड़ की फिरौती मांग से पानीपत में दहशत
■ लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर विदेश से व्हाट्सएप कॉल
■ पैसे न देने पर गोलियों से भूनने की धमकी
औद्योगिक नगरी पानीपत और इसके ग्रामीण क्षेत्र इसराना में उस समय सनसनी फैल गई, जब विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रणदीप मलिक ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए दो कारोबारियों से कुल ₹12 करोड़ की फिरौती मांग ली। बदमाशों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए न सिर्फ मोटी रकम की मांग की, बल्कि साफ शब्दों में धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो गोलियों से भून दिया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
पहला मामला इसराना निवासी सुक्रमपाल से जुड़ा है, जो आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति हैं और गुरुग्राम में उनका बड़ा शोरूम है, जिसे उन्होंने किराए पर दे रखा है। इसके अलावा इसराना में भी उनकी कई एकड़ कृषि भूमि है। 24 मार्च 2026 को उनके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को विदेश में बैठा गैंगस्टर रणदीप मलिक बताया और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने का दावा किया। आरोपी ने सीधे 10 करोड़ रुपए की मांग रख दी। इतनी बड़ी रकम सुनकर सुक्रमपाल सकते में आ गए। कॉलर ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो अंजाम बेहद खतरनाक होगा। इसके बाद सुक्रमपाल ने तुरंत थाना इसराना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
अभी पुलिस इस मामले की जांच में जुटी ही थी कि उसी दिन शाम करीब 4:41 बजे इसराना के ही एक अन्य दुकानदार हरेन्द्र को भी इसी तरह की धमकी भरी कॉल मिली। हरेन्द्र इन्वर्टर, बैटरी और कूलर रिपेयरिंग का काम करते हैं और किराए की दुकान में अपना व्यवसाय चलाते हैं। उनके पास भी कुछ निजी जमीन है। व्हाट्सएप कॉल में आरोपी ने फिर वही नाम दोहराया—रणदीप मलिक और लॉरेंस बिश्नोई गैंग। इस बार 2 करोड़ रुपए की मांग की गई। कॉल कटने के बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर ‘डेथ वारंट’ जैसा संदेश दिया और लिखा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उसे गोलियों से भून दिया जाएगा। दहशत में आए हरेन्द्र ने 25 मार्च को पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सुरक्षा की मांग की।
एक ही दिन में दो बड़ी फिरौती की घटनाओं ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। खासकर व्यापारियों और जमीन मालिकों में दहशत का माहौल है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है। इसराना थाना पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
shubham