पानीपत के बिहोली गांव में रणजीत हत्याकांड का आरोपी भतीजा गिरफ्तार
पानीपत के बिहोली गांव में रणजीत हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी भतीजे विनोद को गिरफ्तार किया। अवैध संबंधों के शक में हत्या की बात सामने आई है।
■ पानीपत के बिहोली गांव में रणजीत हत्याकांड का आरोपी भतीजा गिरफ्तार
■ पत्नी से अवैध संबंधों के शक में शराब पार्टी के बाद किया कत्ल
■ पुलिस पत्नी की भूमिका की भी कर रही जांच
पानीपत पुलिस की गिरफ्त में आरोपी विनोद।
हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बिहोली में हुए सनसनीखेज रणजीत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के दूर के रिश्तेदार और कथित भतीजे विनोद को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पत्नी से अवैध संबंधों का शक और शराब के नशे में हुआ विवाद मुख्य वजह बना।
डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने बताया कि मृतक 35 वर्षीय रणजीत मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला था। वह पिछले करीब 12 साल से गांव बिहोली में पूर्व सरपंच जिले सिंह के खेतों में मजदूरी करता था और खेत में बने कमरे में रहता था।
करीब दो महीने पहले ही रणजीत अपने गांव से वापस लौटा था। वहीं करीब 15-20 दिन पहले उसका रिश्तेदार विनोद भी काम की तलाश में गांव पहुंचा था। विनोद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रणजीत के पास ही रह रहा था।
सोमवार सुबह खेतों में बने कमरे में रणजीत का शव खून से लथपथ हालत में मिला। किसी तेजधार हथियार से उसका गला काटा गया था। घटना के बाद से विनोद गायब था, जिसके चलते पुलिस का शक उस पर गहरा गया।
पुलिस ने अलग-अलग टीमों की मदद से आरोपी को समालखा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स।
डीएसपी के अनुसार, विनोद को शक था कि रणजीत के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से मन में रंजिश रखे हुए था। रविवार रात दोनों ने कमरे में बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि नशे में विवाद इतना बढ़ गया कि विनोद ने पास रखे तेजधार हथियार से रणजीत पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
रणजीत का शव खेतों में पड़ा मिला था।
पुलिस अब आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों को शक है कि उसे घटना की पहले से जानकारी हो सकती है या वह साजिश में शामिल हो सकती है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया जा सके।
pooja