पेट्रोल भी होने लगा महंगा, ₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़े दाम

देश में प्रीमियम पेट्रोल के दाम ₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़ा दिए गए हैं। हालांकि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पेट्रोल भी होने लगा  महंगा, ₹2.35 प्रति लीटर तक बढ़े दाम

प्रीमियम पेट्रोल ₹2.35 प्रति लीटर तक महंगा, आम पेट्रोल के दाम स्थिर
ईरान-इजराइल तनाव से कच्चे तेल में उछाल, कंपनियों ने बढ़ाए रेट
स्पीड, पावर और XP95 जैसे फ्यूल महंगे, हाई-एंड वाहनों पर असर



देश में एक बार फिर पेट्रोल की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सरकारी तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में ₹2.09 से ₹2.35 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान और इजराइल के बीच हालात के चलते की गई है।

नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रीमियम पेट्रोल मुख्य रूप से BPCL का स्पीड, HPCL का पावर और IOCL का XP95 ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध है।

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव और इसमें मिलाए जाने वाले विशेष एडिटिव्स की लागत में इजाफा बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रीमियम फ्यूल पहले से ही सामान्य पेट्रोल के मुकाबले 5 से 10 रुपये प्रति लीटर महंगा होता है, और अब यह अंतर और बढ़ सकता है।

इस बढ़ोतरी का असर मुख्य रूप से उन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जो हाई-एंड कारों और स्पोर्ट्स बाइक्स का उपयोग करते हैं। इन वाहनों के लिए प्रीमियम पेट्रोल जरूरी होता है, क्योंकि इसका ऑक्टेन नंबर 95 या उससे अधिक होता है, जिससे इंजन की परफॉर्मेंस बेहतर रहती है। कीमत बढ़ने से ऐसे उपभोक्ताओं का मासिक ईंधन खर्च बढ़ना तय है।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ समय से तेल कंपनियों के मार्केटिंग मार्जिन पर दबाव बना हुआ था। चूंकि प्रीमियम फ्यूल की कीमतें डी-रेगुलेटेड कैटेगरी में आती हैं, इसलिए कंपनियां इन्हें बाजार के हिसाब से बढ़ा या घटा सकती हैं। ऐसे में घाटे की भरपाई के लिए कंपनियों ने यह कदम उठाया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 109 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं, जबकि एक दिन पहले यह 117 डॉलर तक पहुंच गई थीं। वहीं भारत में 'इंडियन बास्केट' के अनुसार कच्चे तेल की कीमतें करीब 146 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं, जिससे भविष्य में सामान्य पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

आने वाले दिनों में यदि कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आम जनता पर भी इसका सीधा असर पड़ सकता है। फिलहाल सरकार ने सामान्य उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बेस फ्यूल के दाम स्थिर रखे हैं, लेकिन बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।