इनेलो युवा अध्यक्ष की हत्या, शव जलाने की कोशिश
युवा अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ बीनू दहिया की तेजधार हथियार से हत्या। शव और नकदी जलाने का प्रयास। नरेला थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया।
➤ राई हल्का इनेलो के युवा अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ बीनू दहिया की निर्मम हत्या
➤ तेजधार हथियार से सिर पर वार, शव और जेब में रखे पैसे जलाने का प्रयास
➤ नरेला थाना पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू
राई हल्का इनेलो के युवा अध्यक्ष और नाहरी गांव निवासी भूपेंद्र उर्फ बीनू दहिया की देर रात बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। हत्यारोपियों ने हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया और मृतक के पास मौजूद नकदी को भी आग के हवाले कर दिया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के भाई मनोज दहिया ने बताया कि भूपेंद्र गुरुवार शाम करीब 6 बजे घर से अपने कार्यालय के लिए निकला था। लामपुर बॉर्डर पर उसका प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्यालय था। देर रात करीब 11 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकले।
जब परिजन लामपुर बॉर्डर स्थित कार्यालय पहुंचे, तो वहां भूपेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसके सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था। शव आंशिक रूप से जला हुआ था। पास में जले हुए नोट पड़े मिले, जो हजारों रुपये के बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हत्यारोपियों की पहचान की जा सके। मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
Akhil Mahajan