रेवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, कई धमाके
रेवाड़ी के बावल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 7 कर्मचारी झुलस गए। हादसे के बाद 10 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।
• रेवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग के बाद कई धमाके
• हादसे में 7 कर्मचारी झुलसे, फैक्ट्री में 30 लोग मौजूद थे
• 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया काले धुएं का गुबार
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल स्थित सेक्टर-5 इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्ट्री के अंदर जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा जीएलएस कंपनी की फैक्ट्री में सुबह करीब 11:45 बजे हुआ। आग इतनी भीषण थी कि उसकी ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जबकि काले धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक नजर आया।
हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर सुबह की शिफ्ट में करीब 25 से 30 कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर बाहर भागे। मौके पर मौजूद लोग बचाओ-बचाओ चिल्लाते नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में 7 कर्मचारी झुलस गए हैं। सभी के हाथ-पैर जल गए, जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। बावल डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय फैक्ट्री के चिलिंग प्लांट में रिपेयर का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ और आग फैल गई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में केमिकल उत्पादों के साथ-साथ इंक और एल्यूमिनियम फॉयल का निर्माण किया जाता है। आग के कारण कंपनी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले इसी कंपनी में मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर ईडी की रेड भी हुई थी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
pooja