BJP नेताओं ने बड़ौली को डराकर रखा, डिलीट करवाए खट्टर विरोधी 3 गाने: रॉकी मित्तल का फिर हमला
Rocky Mittal, Mohan Lal Badoli, Haryana BJP, Manohar Lal Khattar, Haryana Politics, BJP News, Rocky Video, CityTehlka
- हरियाणवी सिंगर रॉकी मित्तल ने मोहनलाल बड़ौली को लेकर कई बड़े दावे किए
- रॉकी का आरोप- बड़ौली के कहने पर खट्टर के खिलाफ गाए तीन गाने डिलीट किए
- कसौली गैंगरेप केस में दोनों पहले आरोपी रहे, मामले को लेकर फिर चर्चा तेज
हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। हरियाणवी सिंगर रॉकी मित्तल द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो ने भाजपा और उसके नेताओं को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। वीडियो में रॉकी मित्तल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए मोहनलाल बड़ौली को लेकर कई बड़े दावे किए हैं।
रॉकी मित्तल ने कहा कि मोहनलाल बड़ौली उनके अच्छे मित्र रहे हैं, लेकिन पार्टी के कुछ प्रभावशाली नेताओं ने उन्हें डराकर और दबाव में रखकर काम कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ौली लगातार झुकते रहे और इसी कारण उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर होती चली गई।
वीडियो में रॉकी ने दावा किया कि उन्होंने बड़ौली की कुर्सी बचाने के लिए कई समझौते किए। उनके अनुसार बड़ौली ने उनसे कहा था कि वह उनसे सार्वजनिक रूप से मिलना-जुलना कम करें क्योंकि इससे कुछ बड़े नेता नाराज हो सकते हैं। रॉकी ने कहा कि उन्होंने इस बात को मानते हुए उनसे मिलना तक बंद कर दिया।
रॉकी मित्तल ने यह भी दावा किया कि बड़ौली के आग्रह पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ गाए गए अपने तीन गाने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिए थे। उनका कहना है कि उन्होंने केवल बड़ौली की राजनीतिक स्थिति को नुकसान से बचाने के लिए ऐसा किया।
वीडियो में रॉकी ने कहा कि जो व्यक्ति दूसरों को दबाने और डराने की राजनीति करता है, वह कभी किसी पर दया नहीं करता। उन्होंने बड़ौली को सलाह देते हुए कहा कि अगर वह दबाव के खिलाफ खड़े रहते और संघर्ष करते तो शायद उनकी कुर्सी नहीं जाती।
इससे पहले तीन दिन पहले भी रॉकी मित्तल ने एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा होने का दावा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा का एक बड़ा नेता लगातार उनके खिलाफ फर्जी केस दर्ज करवाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ कई मामले दर्ज कराए गए और नए मामलों की तैयारी की जा रही है।
रॉकी ने वीडियो में एक पर्ची भी दिखाई थी और कहा था कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए संबंधित नेता और उसके सहयोगी जिम्मेदार होंगे। हालांकि उन्होंने वीडियो में किसी नेता का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं लिया था।
इस पूरे विवाद के बीच कसौली गैंगरेप केस भी फिर चर्चा में आ गया है। वर्ष 2023 में दिल्ली की एक युवती ने आरोप लगाया था कि हिमाचल प्रदेश के कसौली स्थित एक होटल में मोहनलाल बड़ौली और रॉकी मित्तल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में पुलिस जांच के दौरान दोनों को क्लीनचिट मिल गई थी और अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों तथा बयानों में विरोधाभास के आधार पर क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर मामला बंद कर दिया था।
दूसरी ओर रॉकी मित्तल ने उस मामले को हनीट्रैप और जबरन वसूली की साजिश बताया था। इस संबंध में पंचकूला में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी और मामले में महिला की गिरफ्तारी भी हुई थी।
एक मीडिया से हुई बातचीत में रॉकी मित्तल ने दोहराया कि उन्होंने मोहनलाल बड़ौली की राजनीतिक स्थिति बचाने के लिए हर संभव सहयोग किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पद से हटाया गया। वहीं रॉकी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहनलाल बड़ौली ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वह इस विषय पर कोई कमेंट नहीं करना चाहते।
Akhil Mahajan