जन संवाद में खुलकर बोले विधायक मनमोहन भड़ाना, स्वीकारा जलभराव में चूक, दिए तत्काल समाधान के आदेश
समालखा में विधायक मनमोहन भड़ाना का जन संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। 210 शिकायतें प्राप्त हुईं। जल निकासी और जलभराव की समस्या पर विशेष ध्यान। ग्रामीण शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
➤ समालखा में विधायक मनमोहन भड़ाना का जन संवाद कार्यक्रम, 210 शिकायतें प्राप्त
➤ जल निकासी व जलभराव की समस्याओं पर विधायक ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
➤ प्रमुख शिकायतों में टूटे रास्ते, अवरुद्ध मार्ग व गंदगी की समस्या प्रमुख रही
समालखा,अशोक शर्मा
विधायक मनमोहन भड़ाना द्वारा सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में भारी जनसैलाब देखने को मिला। करीब तीन घंटे तक चले इस खुले दरबार में लगभग 210 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि कुछ शिकायतें कोर्ट केस से संबंधित थीं, जिनका तत्काल समाधान संभव नहीं था।
सभागार में दो बड़े कूलर लगे होने के बावजूद उमस भरा माहौल बना रहा, जिससे विधायक मनमोहन भड़ाना बार-बार अपने परने से पसीना पोछते नजर आए। उपस्थित नागरिकों ने विभिन्न शहरी और ग्रामीण समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक कर जन संवाद के दौरान मिली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक मनमोहन भड़ाना ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वीकार किया कि इस बार जल निकासी व जलभराव की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि कई वर्षों में रिकॉर्ड बारिश हुई, जिससे जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई। भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े आदेश दिए गए हैं।
विधायक भड़ाना ने स्पष्ट रूप से कहा, “हमारा प्रयास रहेगा कि समालखा शहर को ऐसा बनाएं कि जलभराव जैसी समस्या फिर कभी सामने न आए।”
इस दौरान प्रमुख शिकायतों में शामिल रही –
▪ करहंस गांव से जौरासी जाने वाला मार्ग पिछले छह महीने से खराब पड़ा है। ठेकेदार सुनील ने मिट्टी डालकर छोड़ दी है, जिससे गली में गंदा पानी भरा रहता है। लोगों के घरों में दरारे पड़ चुकी हैं। विधायक ने बीडीपीओ को शीघ्र समाधान के आदेश दिए।
▪ गांव रिषपुर निवासी सुनील कुमार ने विधायक से मिलकर एक दबंग व्यक्ति द्वारा रास्ता अवरूद्ध करने की शिकायत की। विधायक ने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को रास्ता खुलवाने के आदेश दिए।
▪ कालीरामना मोहल्ले की महिलाओं ने गलियों में जलभराव की समस्या उठाई, जिसका प्राथमिक समाधान करने के निर्देश दिए गए।
▪ पार्षद विनोद वाल्मीकि ने अपने वार्ड में दो ट्यूबवैल लगवाने और विकास कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कराने की गुहार लगाई।
विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाएगा ताकि जनता को राहत मिल सके।