शिमला में बोर्डिंग में पढ़ने वाली हरियाणा की 16 साल की छात्रा पांचवी मंजिल से कूदी , मौत

शिमला के कोटखाई स्थित रूट्स कंट्री स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पानीपत निवासी जेसिका के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिमला में बोर्डिंग में पढ़ने वाली हरियाणा की 16 साल की छात्रा पांचवी मंजिल से कूदी , मौत


शिमला कोटखाई में छात्रा ने स्कूल की पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग
मृतक छात्रा की पहचान पानीपत निवासी जेसिका कक्षा 10वीं के रूप में हुई
पुलिस मौके पर जांच में जुटी, परिजनों को दी सूचना



हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई उपमंडल में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां रूट्स कंट्री स्कूल की एक छात्रा ने शनिवार को स्कूल की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

छात्रा की पहचान जेसिका पुत्री दीपक कुमार निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। जेसिका कक्षा 10वीं की छात्रा थी और स्कूल की हॉस्टल में रह रही थी। जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

मौके पर पहुंची कोटखाई पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छात्रा के मोबाइल, उसके दोस्तों और शिक्षकों से पूछताछ कर रही है ताकि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

इस दुखद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिन्हें पानीपत से बुलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी और हर पहलू को खंगाला जाएगा।