ट्रैफिक SHO से भिड़ा रिटायर्ड पुलिसकर्मी का नाबालिग पोता, बुलेट से पटाखे बजा रहा था,दस्तावेज भी नहीं, 40 हजार का चालान
सिरसा में बुलेट से पटाखे बजाने और दस्तावेज नहीं होने पर नाबालिग चालक का 40 हजार रुपए का चालान किया गया। पुलिस से बहस और हाथापाई के आरोप भी लगे।
- सिरसा में ट्रैफिक SHO से भिड़ा रिटायर्ड पुलिसकर्मी का नाबालिग पोता
- बुलेट से पटाखे बजाने और दस्तावेज नहीं मिलने पर 40 हजार का चालान
- हाथापाई और बहस के आरोप, दादा की माफी के बाद छोड़े गए युवक
सिरसा में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना एक नाबालिग युवक को भारी पड़ गया। शहर में चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस SHO से रिटायर्ड पुलिसकर्मी का पोता और उसका साथी भिड़ गए। आरोप है कि दोनों युवकों ने चालान से बचने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ बहस की और हाथापाई तक कर डाली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुलेट का 40 हजार रुपए का चालान काट दिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना बाबा भूमण शाह चौक से किसान चौक रोड पर स्थित ताऊ देवीलाल पार्क के पास हुई। ट्रैफिक पुलिस क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बुलेट पर सवार दो युवक सड़क पर तेज आवाज में पटाखे बजाते हुए गुजर रहे थे।
पुलिस ने जब दोनों को रोकने का प्रयास किया तो वे कथित तौर पर बुलेट को तेज गति से भगाने की कोशिश करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया, लेकिन आरोप है कि दोनों युवक चालान से बचने के लिए बहस करने लगे और हाथापाई पर उतर आए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें काबू किया।
जांच के दौरान पुलिस को बुलेट चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। वहीं युवक के नाबालिग होने की बात भी सामने आई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर बुलेट का 40 हजार रुपए का चालान कर दिया।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। विवाद बढ़ने पर नाबालिग युवक ने अपने दादा, जो कि रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं, को सूचना दी। कुछ देर बाद वे मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैफिक SHO ने रिटायर्ड पुलिसकर्मी को बताया कि उनका पोता नाबालिग होते हुए भी बुलेट चला रहा था और सड़क पर पटाखे बजाकर लोगों को परेशान कर रहा था। पुलिस के रोकने पर उसने सहयोग करने के बजाय बहस शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने बुलेट को इंपाउंड करने की चेतावनी भी दी थी। बाद में रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने अपने पोते की गलती स्वीकार करते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने चेतावनी देकर दोनों युवकों को जाने दिया।
इस अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अन्य बुलेट चालकों पर भी कार्रवाई की। पुलिस ने तीन अन्य बुलेटों के चालान काटे, जबकि दो बुलेट इंपाउंड कर लीं। इनमें दो बुलेटों पर 22-22 हजार रुपए और एक बुलेट पर 32 हजार रुपए का चालान किया गया।
ट्रैफिक SHO शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बुलेट से पटाखे बजाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Akhil Mahajan