हरियाणा में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी का असर
हरियाणा में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
➤ हरियाणा में अगले 5 दिन भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
➤ बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम
➤ 18 जिलों में झमाझम बारिश, हिसार में सबसे अधिक 56.2 मिमी वर्षा दर्ज
हरियाणा में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की प्रभावी एंट्री के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने नए लो प्रेशर एरिया और उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी मानसूनी हवाएं और पछुआ हवाएं सक्रिय हुई हैं। इसी कारण प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश का दौर शुरू हुआ है।
प्रदेश में 2 जुलाई को पश्चिमी हरियाणा के कुछ इलाकों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में मानसून ने दस्तक दे दी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक से दो दिनों में मानसून पूरे हरियाणा को अपनी चपेट में ले लेगा और लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की जाएगी।
बीते 24 घंटों के दौरान 18 जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। हिसार में सबसे अधिक 56.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा अंबाला, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल, महेंद्रगढ़, पलवल और सोनीपत समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई।
बारिश के साथ कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई जगहों पर मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई। इसके चलते प्रदेश के दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है और तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, बिजली चमकने और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
Akhil Mahajan