सोहना–पलवल रोड पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से दंपती की मौत

सोहना–पलवल मार्ग पर सिलानी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मारी। हादसे में दंपती की जान गई। ट्रेलर चालक फरार, पुलिस ने वाहन जब्त किया।

सोहना–पलवल रोड पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से दंपती की मौत

तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर
महिला की मौके पर मौत, पति ने अस्पताल में तोड़ा दम
ट्रेलर चालक फरार, वाहन पुलिस ने किया जब्त


गुरुग्राम के सोहना–पलवल मार्ग पर ग्रामीण क्षेत्र सिलानी के निकट शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने ओवरटेक करते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार महिला निर्मला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पति रूपेंद्र ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

दोनों गांव लाखुवास के रहने वाले थे। वे पलवल के समीप स्थित अपनी ससुराल में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान सिलानी गांव के पास यह हादसा घटित हो गया।

गांव लाखुवास निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि उसका भाई रूपेंद्र और भाभी निर्मला बाइक पर समारोह के लिए निकले थे। सामने से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर ओवरटेक करते हुए सीधे उनकी बाइक से जा टकराया। हादसा इतना अचानक हुआ कि बचाव का कोई मौका नहीं मिल सका।

स्थानीय लोगों की सहायता से गंभीर रूप से घायल रूपेंद्र को तुरंत सोहना अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन उपचार के दौरान उसने भी अंतिम सांस ले ली।

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सुखपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दंपती के शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

इस दुखद घटना के बाद गांव लाखुवास और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।