हत्या के 10 घंटे बाद पुलिस एनकाउंटर, आरोपी सगे भाई गिरफ्तार
सोनीपत में बिट्टू हत्याकांड के दोनों आरोपी भाइयों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें PGI में भर्ती कराया गया।
सोनीपत में युवक की हत्या के 10 घंटे बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा
क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों भाइयों के पैर में लगी गोली
लव मैरिज को लेकर चली आ रही रंजिश में बिट्टू की गोली मारकर हत्या
सोनीपत में युवक की हत्या के महज 10 घंटे बाद ही क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सगे भाइयों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। गंभीर हालत में उन्हें खानपुर PGI में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में नेशनल हाईवे-352A पर पहुंचे थे। इसी दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव भटगांव निवासी प्रवीण ने आरोपी मोहित और प्रिंस की बहन के साथ लव मैरिज की थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रवीण के दोस्त बिट्टू ने भी इस शादी में उसका साथ दिया था, जिसके चलते आरोपी उससे भी दुश्मनी रखने लगे थे।
शनिवार शाम इसी रंजिश के चलते मोहित और प्रिंस ने बिट्टू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से बिट्टू की मौके पर ही मौत हो गई। उस समय प्रवीण का भाई सागर भी उसके साथ मौजूद था। फायरिंग के दौरान सागर को भी गोली लगी और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई थीं। देर रात क्राइम ब्रांच-1 को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गांव जाजी के पास नेशनल हाईवे-352A पर देखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
डीसीपी नरेंद्र सिंह कादियान ने बताया कि रविवार सुबह इंस्पेक्टर राजीव की टीम ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
pooja