खेतों में काम करते वक्त पिता-पुत्र की करंट से मौ*त, गांव में मातम

हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव जाटी कलां में खेतों में पानी देने गए पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। ट्रांसफार्मर के तार में करंट आने से दोनों झुलस गए। कुंडली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खेतों में काम करते वक्त पिता-पुत्र की करंट से मौ*त, गांव में मातम

➤ खेतों में काम करते समय पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत
सोनीपत के गांव जाटी कलां की घटना, ट्रांसफार्मर के तार में करंट आने से हुआ हादसा
कुंडली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की



हरियाणा के सोनीपत जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेतों में काम कर रहे पिता और पुत्र दोनों की करंट लगने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा गांव जाटी कलां में हुआ। मृतकों की पहचान प्रेम सिंह (46 वर्ष) और उसके बेटे मनोज (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, किसान प्रेम सिंह अपने इकलौते बेटे मनोज के साथ खेतों में पानी देने के लिए गया था। खेत के पास लगे ट्रांसफार्मर के सपोर्टिंग तार में करंट था। जैसे ही दोनों ने तार को छुआ, वे उसकी चपेट में आ गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब यह दृश्य देखा, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।

पिता की मौके पर ही मौत, बेटा दिल्ली में दम तोड़ा
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पिता प्रेम सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं मनोज की सांसें चल रही थीं, इसलिए ग्रामीण उसे तुरंत दिल्ली के एक निजी अस्पताल लेकर गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रेम सिंह के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजा, जबकि मनोज के शव का पोस्टमॉर्टम दिल्ली में कराया जाएगा।

पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने बताया कि “गांव जाटी कलां के खेतों में काम करने गए पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत की सूचना मिली थी। दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है। परिजनों के बयान पर धारा 174 (दुर्घटना की रिपोर्ट) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।