हत्यारा पति : पत्नी का बेरहमी से मर्डर कर शव को बोरी में डाला और मकान की नींव में छिपाया
सोनीपत के गोहाना में निर्माणाधीन मकान की नींव से कट्टे में बंद महिला का शव मिला। पुलिस को पति पर हत्या कर शव छिपाने का शक है।
- सोनीपत के गोहाना में कट्टे में मिला महिला का शव
- पति पर हत्या कर शव नींव में छिपाने का आरोप
- एफएसएल और पुलिस टीम जांच में जुटी
सोनीपत में लगातार सामने आ रही हत्या की वारदातों के बीच अब गोहाना से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नई सब्जी मंडी क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव बंद कट्टे में निर्माणाधीन मकान की नींव में पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गोहाना सिटी थाना पुलिस को रात करीब 11:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि वन विभाग वाली गली गोहाना में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
जब पुलिस ने निर्माणाधीन मकान की नींव में पड़े कट्टे को बाहर निकालकर जांच की, तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला। मृतका की पहचान प्रियंका उर्फ सीमा, पत्नी संदीप, निवासी मूल रूप से गांव घड़वाल के रूप में हुई है। फिलहाल वह गोहाना की वन विभाग गली में रह रही थी।
प्रारंभिक जांच में महिला के पति संदीप पर हत्या का शक जताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर पहले घर में पत्नी की हत्या की और बाद में शव को कट्टे में बंद कर पास के निर्माणाधीन प्लॉट की नींव में डाल दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोहाना, थाना शहर गोहाना के एसएचओ और कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपी पति की तलाश जारी है और पुलिस को जल्द मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।
इस वारदात के बाद गोहाना क्षेत्र में लोगों के बीच डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है। लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
Akhil Mahajan