सोनीपत में JE और ठेकेदार डेढ़ लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार
सोनीपत में एसीबी ने बिजली विभाग के JE और ठेकेदार को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। मामला पॉल्ट्री फार्म के बिजली कनेक्शन से जुड़ा है।
सोनीपत में JE और ठेकेदार डेढ़ लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार
पॉल्ट्री फार्म के बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी गई थी घूस
एसीबी ने ट्रैप लगाकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा
हरियाणा के सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और एक ठेकेदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर नया बिजली कनेक्शन जारी करने और लाइन लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार गांव भटगांव में “वरदान पॉल्ट्री फार्म” शुरू किया जा रहा था। फार्म पर निर्माण कार्य चल रहा था और संचालन के लिए नए बिजली कनेक्शन की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में शिकायतकर्ता ने बिजली विभाग से संपर्क किया था।
आरोप है कि भटगांव सब डिवीजन बिजली केंद्र में तैनात JE सूरज ने नया बिजली कनेक्शन जारी करने और लाइन लगवाने के बदले रिश्वत की मांग की। बताया जा रहा है कि जेई ने सीधे पैसे लेने की बजाय गन्नौर निवासी ठेकेदार राहुल को बीच में लगाया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार ठेकेदार राहुल के जरिए 1.5 लाख रुपए की मांग की गई थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच शुरू की और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाने की तैयारी की।
एसीबी की दो अलग-अलग टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम लेते समय दोनों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।
एसीबी अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस रिश्वतखोरी नेटवर्क में बिजली विभाग का कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan