सोनीपत निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना
सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना हो गई हैं। 264 मतदान केंद्रों पर कल वोटिंग होगी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सोनीपत निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना
264 मतदान केंद्रों पर कल होगी वोटिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
15 संवेदनशील और 2 अति संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी
हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहे हैं।
शनिवार को मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज से अलग-अलग मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों पर पहुंचना शुरू हो गई हैं।
कॉलेज परिसर में चुनाव कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। अधिकारियों ने कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देने के बाद ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री वितरित की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करवाई जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।
सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए कुल 264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 15 बूथ संवेदनशील और 2 बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
चुनाव में मेयर पद के लिए 9 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 22 वार्डों में 89 पार्षद उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
10 मई को होने वाले मतदान में कुल 2 लाख 96 हजार 108 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1 लाख 53 हजार 411 पुरुष, 1 लाख 42 हजार 690 महिला और अन्य श्रेणी के 7 मतदाता शामिल हैं।
मोहाना स्थित बिट्स कॉलेज परिसर में ही स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्र बनाया गया है। मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच यहीं रखा जाएगा। 13 मई को इसी केंद्र पर मतगणना होगी।
जिला प्रशासन ने दावा किया है कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पीने का पानी, टेंट, डॉक्टर और एम्बुलेंस जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से मतदान केंद्रों का लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने और फोटो खींचने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी को टेंट लगाने की अनुमति नहीं होगी।
नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनाव ड्यूटी में 4 डीसीपी, 8 एसीपी, 30 इंस्पेक्टर और करीब 1500 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में 18 पुलिस नाके बनाए गए हैं। एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
राजनीतिक दृष्टि से इस बार चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। दोनों दलों ने चुनाव प्रचार के दौरान जमकर शक्ति प्रदर्शन किया।
नगर निगम क्षेत्र में करीब 75 हजार पंजाबी वोटरों को चुनाव में निर्णायक माना जा रहा है। प्रशासन ने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील भी की है।
pooja