पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का 81 वर्ष की उम्र में पुणे में निधन। कॉमनवेल्थ गेम्स और खेल प्रशासन से जुड़े रहे।
- पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, पुणे में ली अंतिम सांस
- 81 वर्ष की उम्र में लंबी बीमारी के बाद हुआ निधन
- कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे वैश्विक आयोजन से जुड़ा रहा नाम
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीति और खेल जगत में शोक की लहर है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक एरंडवणे स्थित कलमाड़ी हाउस में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे वैकुंठ श्मशान, पुणे में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुरेश शामराव कलमाड़ी का जन्म 1 मई 1944 को हुआ था। वे पुणे लोकसभा सीट से दो बार सांसद चुने गए। राजनीति के साथ-साथ उनका नाम खेल प्रशासन से भी जुड़ा रहा। वे भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के अध्यक्ष रहे और 2010 दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स की आयोजन समिति के चेयरमैन भी रहे। उन्होंने रेल राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण वे लंबे समय तक विवादों में रहे। CWG से जुड़े मामलों में करीब 15 साल तक केस चला। अप्रैल 2025 में दिल्ली की एक अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय की क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार की थी, जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप शामिल थे।
राजनीति में आने से पहले कलमाड़ी भारतीय वायुसेना में पायलट रहे। उन्होंने 1960 में NDA जॉइन किया और 1964 से 1972 तक एयरफोर्स में पायलट के रूप में सेवाएं दीं। बाद में वे NDA में इंस्ट्रक्टर भी रहे और स्क्वाड्रन लीडर के पद से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की।
Akhil Mahajan