करनाल में चाइनीज डोर से छात्र की गर्दन कटी: यूपी में मौत को माना जाएगा हत्या, हरियाणा में भी सख्त कानून की मांग तेज
यूपी में चाइनीज मांझे से हुई मौत को हत्या मानने के फैसले के बाद करनाल में 16 वर्षीय छात्र के घायल होने से हरियाणा में भी सख्त कानून की मांग तेज हो गई है।
➤ यूपी में चाइनीज मांझे से मौत को माना जाएगा हत्या
➤ करनाल में 16 वर्षीय छात्र की सांस की नली तक कटी
➤ हरियाणा में सख्त कानून बनाने की उठी मांग
हरियाणा के करनाल में चाइनीज डोर ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। 16 वर्षीय छात्र अपनी मां के साथ स्कूटी पर स्कूल जा रहा था, तभी हवा में लटकी चाइनीज डोर उसकी गर्दन में फंस गई। कुछ ही पलों में गला गंभीर रूप से कट गया और सांस की नली तक गहरी चोट पहुंची। तेजी से खून बहने लगा और हालत जानलेवा हो गई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने चाइनीज मांझे से हुई मौत को हत्या की श्रेणी में मानने का कड़ा फैसला लिया है। यूपी सरकार के इस कानून के बाद अब हरियाणा में भी ऐसी सख्ती की जरूरत महसूस की जा रही है, क्योंकि प्रदेश में लगातार हादसे सामने आ रहे हैं।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
घटना के समय 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र निश्चय अपनी मां के साथ स्कूल जा रहा था। अचानक हवा में लटकी डोर गले में उलझ गई। मां का बचाव हो गया, लेकिन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन तुरंत मदद नहीं मिली। परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
48 घंटे वेंटिलेटर पर रहा छात्र
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला लिया। जांच में सामने आया कि छात्र की सांस की नली कट चुकी थी। डॉक्टरों की टीम ने आपात सर्जरी की। हालत नाजुक होने के कारण बच्चे को 24 से 48 घंटे तक वेंटिलेटर पर रखा गया। 9 फरवरी को उसे वेंटिलेटर से हटाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा है।
ऑपरेशन में डॉ. अर्शदीप सिंह, डॉ. हरजीत सिंह, डॉ. रवि वर्मा, डॉ. विनीत पांचाल और डॉ. आदित्य चौधरी शामिल रहे। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से छात्र की जान बच सकी।
बोर्ड परीक्षा दे सकेगा, लेकिन आराम जरूरी
डॉक्टरों के अनुसार छात्र आगामी बोर्ड परीक्षा दे सकेगा, हालांकि अभी उसे पूरी तरह आराम की आवश्यकता है।
मां की मांग: हरियाणा में भी बने यूपी जैसा कानून
छात्र की मां रीना देवी ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद बाजार में चाइनीज डोर खुलेआम बिक रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यूपी में इसे हत्या की श्रेणी में रखा जा सकता है तो हरियाणा में क्यों नहीं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सख्त कानून लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से मासूमों की जान बचाई जा सके।
प्रदेश में लगातार सामने आ रहे हादसों के बीच अब सवाल यह है कि क्या हरियाणा सरकार भी यूपी की तर्ज पर कड़ा कानून लाएगी।v
Akhil Mahajan