बिजली का खंभा गिरा, करंट लगने से युवक की मौ*त
यमुनानगर में खेत में घास काटने गए 22 वर्षीय युवक की बिजली का खंभा गिरने से करंट लगकर मौत हो गई। परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
यमुनानगर में खेत में घास काटने गए युवक की करंट लगने से मौत
बिजली का खंभा गिरने से तार युवक के ऊपर गिरीं, मौके पर ही गई जान
परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया
हरियाणा के यमुनानगर में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक खेत में घास काटने गया था, तभी खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा। खंभा गिरते ही बिजली की तारें युवक के ऊपर आ गिरीं, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय इरफान पुत्र गफूर निवासी गांव सरांवा, थाना सढौरा क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इरफान अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी और परिवार के साथ खेती-बाड़ी के कामों में हाथ बंटाता था।
हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। सूचना मिलने के बाद सढौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में भिजवाया।
मृतक के चचेरे भाई कादिर ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे इरफान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में घास लेने के लिए साइकिल पर गया था। उसने खेत के बाहर साइकिल खड़ी की और अंदर जाकर घास काटने लगा।
इसी दौरान खेत में लगा बिजली का खंभा अचानक नीचे गिर गया। खंभा गिरते ही बिजली की तारें इरफान के ऊपर आ गिरीं और वह करंट की चपेट में आ गया।
काफी देर तक जब इरफान घर वापस नहीं लौटा तो उसके पिता गफूर उसे तलाशते हुए खेत में पहुंचे। खेत के बाहर साइकिल खड़ी देखकर उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद जब वे खेत के अंदर पहुंचे तो वहां बिजली की तारें जमीन पर पड़ी थीं और इरफान करंट से झुलसी हालत में पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।
परिजनों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। इसी बीच बिजली सप्लाई बंद हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से इरफान के शव को खेत से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना डायल 112 और बिजली निगम को भी दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने इस हादसे के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। चचेरे भाई कादिर का आरोप है कि खेत में लगाया गया बिजली का खंभा जमीन में केवल 2 से 3 फुट तक ही गाड़ा गया था, जिसके कारण वह गिर पड़ा। उनका कहना है कि यदि खंभा सही तरीके से लगाया गया होता तो इरफान की जान बच सकती थी।
pooja