पानी मांगने आया 'साधु', 2.5 लाख की चेन लेकर हुआ फरार... त्रिशूल के टैटू ने खोल दी पोल, साधु के भेस में निकला पढ़ा लिखा आरोपी
यमुनानगर में साधु का भेष बनाकर हाईवे पर चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। त्रिशूल के टैटू, CCTV और मुखबिरों की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया।
➤ साधु का भेष बनाकर हाईवे पर लोगों को झांसे में लेता था आरोपी
➤ ढाई लाख की चेन झपटने के बाद त्रिशूल के टैटू से पुलिस तक पहुंचा
➤ दो साथियों के साथ गैंग बनाकर करता था हाईवे पर स्नेचिंग
यमुनानगर में साधु का चोला पहनकर लोगों की आस्था और इंसानियत का फायदा उठाने वाले एक शातिर स्नैचर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हाईवे पर साधु बनकर राहगीरों से पानी मांगता था और बातचीत में उलझाकर मौका मिलते ही सोने की चेन व कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। इस बार उसकी चालाकी एक त्रिशूल के टैटू के आगे नहीं टिक सकी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमीर चंद के रूप में हुई है। वह वारदात से पहले सिर पर नकली जटाएं बांधता, माथे पर भस्म लगाता और गले में रुद्राक्ष व फूलों की मालाएं पहनकर खुद को साधु के रूप में पेश करता था। हाथ में लोटा और खाली पानी की बोतल लेकर वह राहगीरों से पानी मांगता और फिर उन्हें अपनी बातों में उलझाकर वारदात को अंजाम देता था।
डॉक्टर की एक नजर ने बदल दी पूरी जांच
14 जून को पंचकूला निवासी एक डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ ऑडी कार से देहरादून जा रहे थे। यमुनानगर के करेड़ा खुर्द के पास साधु बने आरोपी ने पानी मांगकर कार रुकवाई। डॉक्टर ने मानवता दिखाते हुए उसे पानी दिया, लेकिन बातचीत के दौरान आरोपी ने करीब ढाई लाख रुपए कीमत की सोने की चेन झपट ली और हाईवे पार कर फरार हो गया।
वारदात के दौरान डॉक्टर की नजर आरोपी की बाजू पर बने त्रिशूल के टैटू पर पड़ गई। यही छोटा-सा सुराग बाद में पुलिस की जांच का सबसे बड़ा हथियार बन गया।
CCTV और मुखबिरों ने खोला राज
यमुनानगर स्पेशल सेल ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कई दिनों की जांच के बाद पुलिस को एक संदिग्ध की जानकारी मिली। सूचना पुख्ता होने पर बैंक कॉलोनी में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी साधु के वेश में नहीं बल्कि सामान्य कपड़ों में था। हालांकि उसकी बाजू पर बना वही त्रिशूल का टैटू पुलिस की पहचान की पुष्टि करने के लिए काफी था।
दो साथियों के साथ चलाता था गैंग
पूछताछ में सामने आया कि अमीर चंद अकेले नहीं बल्कि अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, एक आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गैंग ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
Akhil Mahajan