YouTube का बड़ा झटका: फ्री बैकग्राउंड प्ले पूरी तरह बंद, अब सिर्फ Premium यूजर्स को सुविधा

YouTube ने फ्री बैकग्राउंड प्ले पर रोक लगा दी है। अब स्क्रीन ऑफ या ऐप मिनिमाइज करते ही वीडियो बंद हो जाएगा। Google ने साफ किया है कि यह सुविधा सिर्फ Premium यूजर्स के लिए है।

YouTube का बड़ा झटका: फ्री बैकग्राउंड प्ले पूरी तरह बंद, अब सिर्फ Premium यूजर्स को सुविधा



➤ थर्ड-पार्टी ब्राउजर से मिलने वाला फ्री बैकग्राउंड प्ले किया बंद
➤ स्क्रीन ऑफ या ऐप मिनिमाइज करते ही वीडियो तुरंत रुकेगा
➤ Google ने साफ कहा—बैकग्राउंड प्लेबैक सिर्फ Premium फीचर

नई दिल्ली:
YouTube ने उन लाखों यूजर्स को करारा झटका दिया है, जो अब तक बिना Premium सब्सक्रिप्शन के बैकग्राउंड प्ले का “जुगाड़” इस्तेमाल कर रहे थे। कंपनी ने थर्ड-पार्टी ब्राउजर के जरिए फ्री में मिलने वाले बैकग्राउंड प्लेबैक के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। अब यदि कोई यूजर बिना YouTube Premium के वीडियो चला रहा है, तो जैसे ही स्क्रीन लॉक होगी या ब्राउजर मिनिमाइज होगा, वीडियो तुरंत रुक जाएगा।

दरअसल, YouTube Premium में बैकग्राउंड प्ले आधिकारिक फीचर है, जिससे यूजर फोन लॉक होने या दूसरी ऐप इस्तेमाल करते समय भी वीडियो या म्यूजिक सुन सकता है। लेकिन काफी समय से Samsung Internet, Microsoft Edge, Vivaldi जैसे ब्राउजर के जरिए इस सुविधा को फ्री में इस्तेमाल किया जा रहा था। इन ब्राउजर पर वीडियो मिनिमाइज करने के बाद भी बैकग्राउंड में चलता रहता था, जिससे Premium सब्सक्रिप्शन लेने की जरूरत नहीं पड़ती थी।

लूपहोल पर लंबे समय से थी नजर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, YouTube लंबे समय से इस loophole को लेकर सतर्क था। हालिया अपडेट्स के बाद कैश क्लियर करना, पिक्चर-इन-पिक्चर (PiP) सेटिंग बदलना या अलग-अलग ब्राउजर ट्रिक्स—अब कोई भी तरीका काम नहीं कर रहा। प्लेटफॉर्म ने साफ कर दिया है कि बैकग्राउंड प्लेबैक को बायपास करने के सभी अनऑफिशियल रास्तों को तकनीकी रूप से ब्लॉक कर दिया गया है।

Google का स्पष्ट संदेश
YouTube की पैरेंट कंपनी Google ने भी इस कदम को सही ठहराते हुए कहा है कि बैकग्राउंड प्ले केवल Premium यूजर्स के लिए तय फीचर है। जो यूजर्स इसे फ्री में एक्सेस कर रहे थे, वे कंपनी की शर्तों का उल्लंघन कर रहे थे। अब इस बदलाव के बाद यूजर्स के पास दो ही विकल्प हैं—या तो वीडियो स्क्रीन ऑन रखकर देखें-सुनें, या फिर Premium सब्सक्रिप्शन लें।

इस फैसले से खासतौर पर वे यूजर्स प्रभावित होंगे, जो YouTube को म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की तरह इस्तेमाल कर रहे थे और फ्री बैकग्राउंड प्ले पर निर्भर थे।