हरियाणा में 11वीं की छात्र से गैंगरेप, दुष्कर्म के बाद चलती कार से फेंका
गुरुग्राम में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। कोचिंग जाते समय उसे अगवा किया गया, नशीला पदार्थ दिया गया और सुनसान जगह पर रेप के बाद चलती कार से फेंक दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➤ गुरुग्राम में 11वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप
➤ पीड़ित को कोचिंग जाते समय अगवा कर नशीला पदार्थ दिया गया
➤ दो आरोपियों ने चलती कार से छात्रा को फेंक दिया।
गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा को कोचिंग जाते समय अगवा कर दो युवकों ने सुनसान इलाके में ले जाकर रेप किया और बाद में उसे चलती कार से फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्रा 4 मरला इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि जब वह कोचिंग जा रही थी, तब उसे जबरदस्ती एक कार में बैठाया गया। कार में बैठाने के बाद आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वे उसे पहाड़ियों पर एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां दो युवकों ने उसके साथ रेप किया।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे अधेरे में चलती कार से सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक आरोपी छात्रा का परिचित है, जिसने जबरदस्ती उसे कार में बैठाया। आरोपियों के नाम लक्ष्य और अंकित बताए गए हैं।
घर लौटने पर जब पीड़िता रोने लगी, तो परिजनों ने उससे पूछा। उसने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे, जहां महिला पुलिसकर्मियों ने उसे सांत्वना दी और उसके पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पिता ने बताया कि उनकी बेटी 17 साल की है और उनका परिवार पिछले 20 साल से गुरुग्राम में रह रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।