हरियाणा के सभी सरकारी भवनों पर लगेगा रूफटॉप सोलर सिस्टम
हरियाणा में सभी सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के आदेश जारी। 7 साल में 24 हजार मेगावाट बिजली लक्ष्य। 2027 तक 2.22 लाख सोलर इंस्टॉलेशन पूरे करने की योजना।
- हरियाणा में सभी सरकारी भवनों पर लगेगा रूफटॉप सोलर सिस्टम
- 7 साल में 24 हजार मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य
- स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, ऑफिस और गोदाम होंगे ग्रीन एनर्जी मॉडल
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के सभी सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के निर्देश जारी किए हैं। सीएम ने कहा कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, कार्यालय और गोदाम सहित प्रत्येक सरकारी ढांचे को ग्रीन एनर्जी मॉडल बनाना होगा। इसका उद्देश्य राज्य को अक्षय ऊर्जा और आत्मनिर्भर बिजली उत्पादन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाना है।
सीएम सैनी ने चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में ऊर्जा बजट समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति पर चर्चा हुई और अधिकारियों को रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि मासिक प्रगति रिपोर्ट और सख्त मॉनिटरिंग से जवाबदेही तय की जाएगी।
सीएम ने बिजली आपूर्ति और सुरक्षा से जुड़े अन्य निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रमुख सड़कों और हाईवे पर लगे पुराने व जर्जर पोल तुरंत हटाए जाएं, ताकि सड़क सुरक्षा और सौंदर्य में सुधार हो सके।
एचपीजीसीएल चेयरमैन श्यामल मिश्रा ने जानकारी दी कि 20 नवंबर 2025 तक 42,486 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 31 मार्च 2027 तक 2,22,000 इंस्टॉलेशन का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि ‘सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना’ नाम से एक नई स्कीम तैयार की गई है, जिसे राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है। यह स्कीम खास तौर पर सरकारी कर्मचारियों और नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को लाभ देगी।
ऊर्जा विभाग अधिकारियों ने बताया कि अगले 7 वर्षों में 24,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य में हर उपभोक्ता को 100% निर्बाध बिजली सप्लाई देने का लक्ष्य है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि यमुनानगर में 800 मेगावाट अल्ट्रा सुपर-क्रिटिकल थर्मल यूनिट का कार्य BHEL के सहयोग से शुरू हो चुका है।
सीएम ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा आर्थिक विकास की रीढ़ है, इसलिए प्रत्येक लंबित परियोजना को बिना देरी के पूरा किया जाए।
Author1