खाटू श्याम से अमृतसर जा रही बस हिसार में पलटी, मचा हडकंप

हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव बिठमड़ा के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। खाटू श्याम से अमृतसर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई और पलट गई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

खाटू श्याम से अमृतसर जा रही बस हिसार में पलटी, मचा हडकंप

  • हिसार-टोहाना रोड पर बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

  • बस में सवार तीन दर्जन यात्रियों में से कुछ को आई हल्की चोटें


हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव बिठमड़ा के पास मंगलवार सुबह हिसार-टोहाना मुख्य मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार खाटू श्याम से अमृतसर जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में उतर गई और पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस पूरी तरह एक ओर झुक गई, लेकिन गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे के आसपास जब बस गांव बिठमड़ा स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंची, तो अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। बस में सवार करीब तीन दर्जन से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के लिए भेजा गया।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि बस उत्तर प्रदेश से रवाना होकर खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए गई थी, और वहां से वापसी में यात्रियों को अमृतसर लेकर जा रही थी। हादसे के कारणों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, लेकिन सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे और अचानक ब्रेक लगाने से बस पलटने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हिसार-टोहाना रोड पर वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार में गाड़ियां चलाते हैं, जिससे यहां लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड लिमिट और सड़क की मरम्मत की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।