इजराइल-ईरान जंग: पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास पर शिया मुस्लिमों का हमला:12 की मौत

इजराइल-ईरान जंग के बीच पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास पर हमला, 12 की मौत। मिडिल ईस्ट में धमाकों के कारण CBSE ने सात देशों में परीक्षाएं टालीं और भारत में 350 से अधिक फ्लाइट रद्द।

इजराइल-ईरान जंग: पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास पर शिया मुस्लिमों का हमला:12 की मौत

■ खामेनेई की मौत के बाद इजराइल-ईरान जंग तेज, मिडिल ईस्ट में हवाई हमले और धमाके
■ कराची में अमेरिकी दूतावास पर भीड़ का हमला, फायरिंग में 12 से अधिक की मौत
■ CBSE ने 7 देशों में बोर्ड परीक्षाएं टालीं, भारत में 350 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल


मिडिल ईस्ट में इजराइल-ईरान जंग ने अब क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले लिया है। अमेरिका और इजराइल की ओर से लगातार दूसरे दिन ईरान पर हवाई हमले किए जा रहे हैं, वहीं ईरान भी इजराइल और मिडिल ईस्ट के नौ देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर जवाब दे रहा है। इसी बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि ने हालात को और विस्फोटक बना दिया है। इस घटनाक्रम का असर सिर्फ पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारत समेत दुनिया के कई देशों में इसका सीधा प्रभाव दिखाई देने लगा है।

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में ईरान पर हमले के विरोध में लोगों ने ईरान-इजराइल के झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

सबसे बड़ा घटनाक्रम पाकिस्तान के कराची में देखने को मिला, जहां हजारों शिया मुस्लिमों ने खामेनेई की मौत के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अमेरिकी दूतावास की ओर कूच किया और परिसर में घुसने की कोशिश की। हालात बेकाबू होने पर सुरक्षाबलों को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें 12 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई युवक घायल हुए हैं। कराची में तनाव चरम पर है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिका के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। राजधानी के संवेदनशील रेड ज़ोन इलाके के पास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे, जहां कई विदेशी दूतावास और अहम सरकारी इमारतें स्थित हैं। भीड़ धीरे-धीरे डिप्लोमैटिक एन्क्लेव की ओर बढ़ने लगी, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खामेनेई की हत्या मुस्लिम दुनिया के खिलाफ साजिश है। कई लोग भावुक होकर रोते नजर आए, जबकि कुछ शिया नेताओं ने खामेनेई की बहादुरी और साहस का उल्लेख करते हुए उनके समर्थन में भाषण दिए। प्रदर्शन के दौरान अमेरिका के खिलाफ तीखी नारेबाजी की गई और अमेरिकी कार्रवाई का समर्थन करने वालों को गद्दार बताया गया।

स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने हेतु आंसू गैस के गोले दागे। इलाके में झड़पों और गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई देने की भी खबर है। एहतियात के तौर पर रेड ज़ोन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी में कई मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

विश्लेषकों का मानना है कि खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान समेत कई देशों में शिया समुदाय के बीच गहरा आक्रोश है, जिसका असर सड़कों पर दिख रहा है। हालात पर सरकार की पैनी नजर बनी हुई है और प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सख्त कदम उठा रहा है।

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ईरानी ड्रोन टकराया। इसके कारण 4 लोग घायल हुए हैं। यहां पर अलर्ट जारी है।

उधर, कतर, दुबई और अबू धाबी जैसे प्रमुख शहरों में मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबरें सामने आई हैं। दुबई के प्रतिष्ठित बुर्ज खलीफा के पास धमाके की घटना के बाद इलाके को खाली कराया गया और पूरी इमारत की लाइट्स बंद कर दी गईं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन टकराने से चार लोग घायल हुए हैं। कतर में रह रहे भारतीयों ने हमलों के वीडियो साझा किए हैं, जिससे वहां की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मुंबई एयरपोर्ट पर कई यात्रियों ने रात गुजारी। लोगों ने कहा कि हमें फ्लाइट को लेकर सटीक जानकारी नहीं मिल रही है।

जंग के बढ़ते दायरे का असर शिक्षा पर भी पड़ा है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के सात देशों—बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई—में 2 मार्च से प्रस्तावित 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। हजारों भारतीय छात्र और अभिभावक असमंजस की स्थिति में हैं।

तमिलनाडु में चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विदेशी नागरिक फंसे हुए हैं। उनकी फ्लाइट कैंसिल हैं।

एविएशन सेक्टर भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ईरान का एयरस्पेस पूरी तरह खाली है और कोई भी फ्लाइट वहां से नहीं गुजर रही। भारत में आज 350 से ज्यादा उड़ानें रद्द रहीं। एअर इंडिया ने अब तक 50 इंटरनेशनल फ्लाइट कैंसिल की हैं, जिनमें 22 सिर्फ आज रद्द हुईं। इंडिगो ने भी 2 मार्च रात 11.59 बजे तक कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सस्पेंड कर दी हैं। केरल के त्रिवेंद्रम एयरपोर्ट पर मिडिल ईस्ट से आने वाली 26 फ्लाइट रद्द कर दी गईं। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री 24 घंटे से ज्यादा समय से फंसे हुए हैं।

एयर स्‍पेस पूरी तरह से खाली ....

रविवार को भी ईरान का एयरस्पेस पूरी तरह से खाली है। कोई भी फ्लाइट यहां से नहीं गुजर रही है।

सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने दिल्ली में 24×7 पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम स्थापित किया है। मुंबई एयरपोर्ट पर कई यात्रियों ने रात गुजारी और फ्लाइट्स की स्पष्ट जानकारी न मिलने की शिकायत की। भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया पर दुबई में धमाके का जिक्र किया, जबकि एक्ट्रेस सोनल चौहान ने प्रधानमंत्री से मदद की अपील की है।

भारत में भी इस घटनाक्रम को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शिया समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। राजस्थान के अजमेर में शिया मुस्लिम महासभा ने तीन दिन के शोक की घोषणा की है।

मिडिल ईस्ट की इस जंग ने वैश्विक सुरक्षा, कूटनीति और अर्थव्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात तेजी से बदल रहे हैं और दुनिया की निगाहें अब आने वाले कदमों पर टिकी हैं।