नायब तहसीलदार सस्पेंड: DC के औचक निरीक्षण में मिली थीं गैरहाजिर, नोटिस का भी नहीं दिया जवाब
कैथल के राजौंद में नायब तहसीलदार स्नेह लता को डीसी के औचक निरीक्षण में गैरहाजिर मिलने और शोकॉज नोटिस का जवाब नहीं देने पर सस्पेंड कर दिया गया।
- राजौंद की नायब तहसीलदार स्नेह लता को सरकार ने किया सस्पेंड
- डीसी अपराजिता के औचक निरीक्षण में कार्यालय से मिली थीं अनुपस्थित
- शोकॉज नोटिस जारी होने के बाद भी नहीं दिया गया कोई जवाब
कैथल जिले के राजौंद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार स्नेह लता को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई ड्यूटी के दौरान कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने और जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का जवाब न देने के चलते की गई है। इस फैसले के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार डीसी अपराजिता ने बुधवार को राजौंद के तहसील कार्यालय, बीडीपीओ कार्यालय और नगर पालिका का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के रिकॉर्ड, हाजिरी रजिस्टर और जनसेवाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की थी। इसी दौरान नायब तहसीलदार स्नेह लता अपने कार्यालय में मौजूद नहीं मिलीं।
कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने के बाद डीसी ने तत्काल संबंधित अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि निर्धारित समय के भीतर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सरकार ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर दी।
डीसी अपराजिता के निरीक्षण के महज 24 घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई को प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के प्रति गंभीर रहने तथा जनता के कार्यों को प्राथमिकता देने का स्पष्ट संदेश गया है।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने तहसील परिसर में मौजूद लोगों और शिकायतकर्ताओं से भी बातचीत की थी। इस दौरान कई लोगों ने नायब तहसीलदार के कार्य व्यवहार और कार्यालय में अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की थी।
शिकायतकर्ताओं का कहना था कि नायब तहसीलदार अक्सर अपने कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहती थीं, जिसके कारण आम लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते थे। लोगों ने प्रशासन से इस संबंध में कार्रवाई की मांग भी की थी।
अब सरकार की ओर से निलंबन की कार्रवाई किए जाने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कैथल की डीसी अपराजिता ने नायब तहसीलदार स्नेह लता को सस्पेंड किए जाने की पुष्टि की है।
Akhil Mahajan