हरियाणा में बड़ा हादसा, बाइक ट्रक से टकराई, दंपत्ति और दोनों बच्‍चों की मौत

हरियाणा के नूंह में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी। हादसे में दंपती और दो बच्चों की मौत हो गई। चालक फरार, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया।

हरियाणा में बड़ा हादसा, बाइक ट्रक से टकराई, दंपत्ति और दोनों बच्‍चों की मौत
  • नूंह में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर

  • दंपती और दो बच्चों की मौके पर ही मौत, आरोपी चालक फरार

  • पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश शुरू की


हरियाणा के नूंह जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपती और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि चारों के शव सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भिजवाया। वहीं आरोपी चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान गांव खुशपुरी थाना नगीना के रहने वाले तशरीफ (40), पत्नी साहिनी (35), बेटे अहसान (15) और अरसान (10) के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि परिवार अपने रिश्तेदार से मिलकर ससुराल जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तशरीफ खुद भी एक ट्रक ड्राइवर था और अपने परिवार के साथ साधारण जीवन जीता था। लेकिन बुधवार की दोपहर करीब 3:30 बजे, ससुराल से कुछ ही किलोमीटर पहले उसकी जिंदगी एक हादसे में खत्म हो गई।

गांव में इस घटना से शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।