पानीपत में स्व-गणना शुरू, 30 अप्रैल तक भरें ऑनलाइन फॉर्म
पानीपत में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना की सुविधा 30 अप्रैल तक उपलब्ध है, जबकि 1 से 30 मई तक हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा।
■ 30 अप्रैल तक स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध
■ 1 से 30 मई तक होगा हाउस लिस्टिंग का कार्य
■ डीसी ने नागरिकों से डिजिटल माध्यम से भागीदारी की अपील की
पानीपत में जनगणना 2027 को अधिक आसान और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प शुरू कर दिया है। सोमवार को जिला सचिवालय में डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्वयं स्व-गणना कर इसकी शुरुआत की और जिलावासियों को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
डीसी ने बताया कि नागरिक 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन जरूरी है। इस डिजिटल प्रक्रिया से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की सटीकता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
16 भाषाओं में उपलब्ध, 33 सवालों का फॉर्म
स्व-गणना की सुविधा को आमजन के लिए आसान बनाने के लिए इसे 16 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। नागरिक अपनी पसंद की भाषा चुनकर फॉर्म भर सकते हैं। इस फॉर्म में कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें परिवार और आवास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी।
डीसी ने कहा कि यह पहल नागरिकों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का मौका देती है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक प्रभावी और भरोसेमंद बनती है।
सरकारी कर्मचारियों को बनाया गया रोल मॉडल
डॉ. दहिया ने कहा कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी आमजन के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे समय रहते अपनी स्व-गणना पूरी करें, ताकि जिले में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
1 मई से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग का चरण
जिला प्रशासन के अनुसार, जनगणना के तहत मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य 1 मई से 30 मई तक किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक भवन, मकान और परिवार से संबंधित आधारभूत आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे, जो जनगणना प्रक्रिया का अहम हिस्सा हैं।
सही जानकारी देने की अपील
डीसी ने आमजन से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों का पूरा सहयोग करें और किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक जानकारी देने से बचें। इससे जिले में यह महत्वपूर्ण कार्य व्यवस्थित और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा।
pooja