तांत्रिक के जाल में फंसा किसान, सोना निकालने के नाम पर 14.60 लाख हड़पे

अंबाला के शहजादपुर में तांत्रिक विद्या के नाम पर किसान से 14.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में दबा सोना निकालने का झांसा देकर नकली सिक्के थमाए।

तांत्रिक के जाल में फंसा किसान, सोना निकालने के नाम पर 14.60 लाख हड़पे

हरियाणा के अंबाला जिले के शहजादपुर क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तांत्रिक विद्या के नाम पर एक किसान से लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने घर में दबा सोना-चांदी निकालने का झांसा देकर किसान को अपने जाल में फंसाया और धीरे-धीरे उससे 14.60 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी नकली सिक्के थमाकर फरार हो चुके थे।पीड़ित किसान अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जुलाई 2025 में उसकी मुलाकात कुछ लोगों से हुई थी, जिन्होंने उसे उसकी किस्मत और माथे की लकीरों का हवाला देते हुए कहा कि उसके घर में भारी मात्रा में सोना-चांदी दबा हुआ है। आरोपियों ने दावा किया कि वे अपनी तांत्रिक शक्तियों से उस खजाने को बाहर निकाल सकते हैं। धीरे-धीरे उन्होंने अजय को अपने झांसे में ले लिया और उसे बार-बार अलग-अलग जगहों पर बुलाकर पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।13 अगस्त 2025 को आरोपियों ने पहली बार उससे नकद और चेक के माध्यम से पैसे लिए। इसके बाद साहा, सढौरा और बिलासपुर जैसे स्थानों पर बुलाकर कभी ऑनलाइन तो कभी नकद रूप में रकम ली जाती रही। इस तरह आरोपियों ने कुल 14.60 लाख रुपये हड़प लिए।

ठगी का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों ने एक मिट्टी के बर्तन में लाल कपड़े में लपेटकर कुछ सिक्के अजय को दिए और दावा किया कि यह घर से निकला सोना है। जब उन सिक्कों की जांच कराई गई तो वे नकली निकले। इसके बाद अजय को पूरी साजिश का पता चला।पीड़ित ने बताया कि शुरुआत में आरोपियों ने महज 10 से 20 हजार रुपये खर्च बताकर भरोसा जीता था। उन्होंने घर में एक स्थान चिन्हित कर वहां गड्ढा खुदवाया और तांत्रिक क्रिया के नाम पर धूप-अगरबत्ती जलाई। इसके बाद परिवार को बाहर भेज दिया गया और एक आरोपी गड्ढे में उतरकर पहले से रखे नकली सिक्कों वाला बर्तन बाहर लेकर आया, जिससे अजय का विश्वास और पक्का हो गया।इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे गंगोह दरगाह पर चादर चढ़ाने जैसी बातें कहकर भी पैसे ऐंठे। जब अजय ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने डराया कि अगर यह प्रक्रिया बीच में रोकी गई तो उसके परिवार में किसी की मौत हो सकती है। इस डर के कारण अजय ने उधार लेकर और रिश्तेदारों से पैसे लेकर भी आरोपियों को रकम दी।मामले की शिकायत के बाद शहजादपुर पुलिस ने डीएसपी नारायणगढ़ के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें यमुनानगर के डारपुर गांव निवासी अली अहमद, अब्दुल वाजिद और सहारनपुर के मच्छरेहड़ी गांव निवासी जाकिर खान, उसकी पत्नी अंजुम और एक अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।