28 साल का एक्टर बना 65 साल का बुजुर्ग… और जीत लिया फिल्मफेयर जब बैंक खाते में बचे थे सिर्फ 400 रुपए… फिर क्या हुआ
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर 71 साल के हो गए हैं। 28 साल की उम्र में ‘सारांश’ में बुजुर्ग का किरदार निभाकर फिल्मफेयर जीतने वाले खेर ने 500 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। जीवन में आर्थिक संकट और फेशियल पैरालिसिस जैसी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने सफलता हासिल की।
■ 28 साल की उम्र में बुजुर्ग का रोल कर जीता फिल्मफेयर अवॉर्ड
■ चेहरे पर लकवा होने के बावजूद फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ की शूटिंग जारी रखी
■ कभी बैंक खाते में बचे थे सिर्फ 400 रुपए, फिर भी 500 से ज्यादा फिल्मों में बनाया मुकाम
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता Anupam Kher आज अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं। 7 मार्च 1955 को शिमला, हिमाचल प्रदेश में एक कश्मीरी पंडित परिवार में जन्मे अनुपम खेर ने अपनी मेहनत, संघर्ष और अभिनय प्रतिभा के दम पर हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई। करीब चार दशकों के करियर में उन्होंने 500 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और कई यादगार किरदार निभाए। उनकी जिंदगी संघर्ष, हिम्मत और जुनून की ऐसी कहानी है, जो हर कलाकार को प्रेरित करती है।
अनुपम खेर के पिता पुष्कर नाथ खेर वन विभाग में क्लर्क थे, जबकि उनकी मां दुलारी खेर गृहिणी थीं। उनकी शुरुआती पढ़ाई शिमला के डीएवी स्कूल से हुई। बाद में उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध गवर्नमेंट कॉलेज, संजौली में अर्थशास्त्र की पढ़ाई शुरू की, लेकिन अभिनय के प्रति लगाव उन्हें रंगमंच की ओर ले गया। इसके बाद उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में थिएटर की पढ़ाई की और फिर 1978 में National School of Drama, नई दिल्ली से अभिनय की बारीकियां सीखीं।
28 साल की उम्र में निभाया 65 साल के बुजुर्ग का किरदार
मुंबई में संघर्ष के दौरान उन्हें 1984 में फिल्म Saaransh में काम करने का मौका मिला। शुरुआत में उनका रोल किसी और को देने की बात चल रही थी, लेकिन उनकी लगन और आत्मविश्वास देखकर फिल्म के निर्देशक Mahesh Bhatt ने वही भूमिका उन्हें दे दी। इस फिल्म में उन्होंने 65 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक बी.वी. प्रधान का किरदार निभाया, जबकि उस समय उनकी उम्र सिर्फ 28 साल थी।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट नहीं रही, लेकिन उनके अभिनय की जमकर तारीफ हुई और उन्हें बेस्ट एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। यही फिल्म उनके करियर का टर्निंग पॉइंट बनी। इसके बाद उन्होंने विलेन, कॉमेडी और करेक्टर रोल में शानदार काम किया।
कई सुपरहिट फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
अनुपम खेर ने अपने करियर में कई चर्चित फिल्मों में अभिनय किया। Karma, Tezaab, ChaalBaaz, Ram Lakhan, Dilwale Dulhania Le Jayenge, Hum Aapke Hain Koun..!, Kuch Kuch Hota Hai, A Wednesday!, MS Dhoni: The Untold Story और The Kashmir Files जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया।
अमिताभ बच्चन से मिला प्रोफेशनलिज्म का सबक
फिल्म Aakhree Raasta की शूटिंग के दौरान उन्हें महानायक Amitabh Bachchan से प्रोफेशनलिज्म का बड़ा सबक मिला। चेन्नई की भीषण गर्मी में जब उनके मेकअप रूम का एसी खराब हो गया तो वे नाराज हो गए थे। लेकिन जब उन्होंने देखा कि अमिताभ बच्चन भारी कॉस्ट्यूम और विग में भी शांत बैठकर अपनी लाइनों की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्होंने पूछा कि इतनी गर्मी में उन्हें परेशानी नहीं होती।
इस पर अमिताभ ने मुस्कुराकर कहा—“गर्मी के बारे में सोचता हूं तो लगती है, नहीं सोचता तो नहीं लगती।” यह बात अनुपम खेर के लिए जीवन का बड़ा सबक बन गई और इसके बाद उन्होंने कभी भी शूटिंग के दौरान सुविधाओं को लेकर शिकायत नहीं की।
कभी बैंक खाते में बचे थे सिर्फ 400 रुपए
साल 2004 के आसपास अनुपम खेर एक गंभीर आर्थिक संकट से भी गुजरे। उन्होंने टीवी प्रोडक्शन में बड़ा निवेश किया और कई प्रोजेक्ट शुरू किए, लेकिन हालात ऐसे बने कि उनके बैंक खाते में सिर्फ 400 रुपए ही बचे थे। बढ़ते कर्ज के कारण उन्हें अपना घर और ऑफिस तक गिरवी रखना पड़ा।
हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और दोबारा मेहनत के दम पर फिल्मों में काम कर इस मुश्किल दौर से बाहर निकल आए।
चेहरे के लकवे के बावजूद नहीं छोड़ी शूटिंग
अपने करियर के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें फेशियल पैरालिसिस यानी चेहरे का लकवा हो गया। यह तब हुआ जब वे अभिनेता Anil Kapoor के घर गए थे और उनकी पत्नी Sunita Kapoor ने नोटिस किया कि वे एक आंख से पलक नहीं झपका रहे हैं। जांच में डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी।
लेकिन उसी समय फिल्म Hum Aapke Hain Koun..! की शूटिंग शुरू होनी थी। डॉक्टर की सलाह के बावजूद उन्होंने शूटिंग जारी रखने का फैसला किया। सेट पर जब उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में बताया तो पूरी टीम हैरान रह गई, लेकिन उन्होंने काम नहीं छोड़ा।
फिल्मफेयर में बनाया खास रिकॉर्ड
अनुपम खेर के नाम फिल्मफेयर अवॉर्ड में ‘बेस्ट कॉमेडियन’ कैटेगरी में सबसे ज्यादा पांच बार जीतने का रिकॉर्ड है। उन्हें यह सम्मान Ram Lakhan, Lamhe, Khel, Darr और Dilwale Dulhania Le Jayenge के लिए मिला।
लगातार तीन साल (1992–1994) यह अवॉर्ड जीतकर उन्होंने एक अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया। आज भी वे बॉलीवुड के सबसे बहुमुखी और सम्मानित अभिनेताओं में गिने जाते हैं।
shubham