हरियाणा में पिकअप-बाइक की टक्कर में पिता और तीन मासूम बेटियों की मौत, पत्नी गंभीर

बरवाला के गांव गैबीपुर के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। पिता और तीन मासूम बेटियों की जान चली गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

हरियाणा में पिकअप-बाइक की टक्कर में पिता और तीन मासूम बेटियों की मौत, पत्नी गंभीर

पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 4 की मौत
बाइक सवार पिता और तीन मासूम बच्चियों ने गंवाई जान
गंभीर घायल पत्नी को अग्रोहा मेडिकल रेफर, इलाज जारी



हरियाणा के बरवाला क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव गैबीपुर के पास पुल के नजदीक पिकअप और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पिता और उसकी तीन मासूम बेटियों ने मौके पर और उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव ढाणी मोहब्बतपुर निवासी मुकेश अपनी पत्नी आरती और तीन छोटी बच्चियों के साथ बाइक पर सवार होकर गांव प्रभुवाला जा रहा था। जब वे गांव गैबीपुर के पास पुल के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई।

इस हादसे में मुकेश और उसकी दो बेटियां करीब 6 वर्षीय नीतू और 4 वर्षीय दिव्या की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी आरती और डेढ़ वर्षीय बेटी दीक्षा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कम उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दुखद बात यह रही कि अग्रोहा मेडिकल में उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय मासूम दीक्षा ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। घायल महिला आरती का इलाज फिलहाल जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।