साढ़े 4 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, पत्नी पर लगाए संगीन आरोप
भिवानी में 4.5 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। पिता ने मां पर हत्या का आरोप लगाया, जबकि मां ने हादसा बताया। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
➤ भिवानी में 4.5 साल के मासूम की संदिग्ध मौत से सनसनी
➤ पिता ने मां पर लगाए गंभीर आरोप, मां ने बताया हादसा
➤ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
हरियाणा के भिवानी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां हिसार निवासी करीब साढ़े 4 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। यह बच्चा पिछले करीब दो साल से अपने माता-पिता के विवाद के चलते अपनी मां के साथ भिवानी के हालू बाजार में रह रहा था। रविवार सुबह अचानक उसकी मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक बच्चे के पिता अंशुल, जो हिसार के गांव बगला के निवासी हैं, ने अपनी पत्नी पर बच्चे की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो साल से उन्होंने अपने बेटे को देखा तक नहीं था और उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ दहेज और खर्चे के मामले दर्ज कर रखे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह करीब साढ़े 9 बजे फोन आया कि बच्चा बीमार है और आकर संभाल ले। लेकिन पांच मिनट बाद फिर फोन कर कहा गया कि आने की जरूरत नहीं, सिर्फ आधार कार्ड भेज दे।
अंशुल ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उनका बेटा मृत अवस्था में मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में उनसे जबरन कागजों पर साइन करवाने की कोशिश की गई। साइन करने से मना करने पर उन्हें बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी वह किसी और के साथ संबंध में थी और उत्तर प्रदेश चली गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 2018 में लव मैरिज हुई थी, जो फोन पर बातचीत से शुरू हुई थी और बाद में दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी।
वहीं बच्चे की मां नेहा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि सुबह जब वह उठी तो बच्चे में कोई हलचल नहीं थी और उसके हाथ-पैर व होंठ नीले पड़े हुए थे। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया और ई-रिक्शा से बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चा रात को बिल्कुल ठीक था और उनके साथ ही सोया था।
नेहा ने यह भी आरोप लगाया कि उनका पति अक्सर उन्हें धमकियां देता रहता है और पहले भी बच्चे को जबरन ले जाने की कोशिश कर चुका है। उन्होंने बताया कि बच्चे का हाल ही में स्कूल में एडमिशन कराया गया था और वह बिल्कुल स्वस्थ था।
मामले की सूचना मिलते ही जैन चौक पुलिस चौकी के जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी उद्यम सिंह ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan